Home Latest News & Updates UP के वित्त मंत्री को ‘उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार’ के लिए चुना गया, समिति ने बताई ये खास वजह

UP के वित्त मंत्री को ‘उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार’ के लिए चुना गया, समिति ने बताई ये खास वजह

by Rajeev Ojha
0 comment
UP Suresh Khanna Selected Outstanding Legislator Award

UP News : यूपी सरकार में वित्त मंत्री का कार्यभार संभाल रहे सुरेश कुमार खन्ना को इस बार उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए चुना गया है. उन्हें यह पुरस्कार संसदीय विषयों पर उनकी गहरी पकड़ को लेकर दिया जा रहा है और समिति ने भी उनके इन्हीं कार्यों को सराहा है.

UP News : उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को उनके संसदीय अनुभव, संसदीय परंपराओं के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट संसदीय आचरण और सदन के संचालन में विशिष्ट योगदान को दृष्टिगत रखते हुए ‘उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार’ के लिए चयनित किया गया है. यह फैसला शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित ‘उत्कृष्ट विधायक समिति’ की बैठक में लिया गया.

लोकतांत्रिक मूल्यों पर उतरें खरे

उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के अंतर्गत गठित उत्कृष्ट विधायक समिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, वरिष्ठ सदस्य रमापति शास्त्री तथा वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह भी उपस्थित रहे. समिति द्वारा सर्वसम्मति से यह मत व्यक्त किया गया कि सुरेश कुमार खन्ना का संसदीय जीवन अत्यंत समृद्ध एवं अनुकरणीय रहा है. उन्होंने न केवल मंत्री पद पर रहते हुए प्रभावी भूमिका निभाई है, बल्कि विपक्ष में भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल के नेता के रूप में भी संसदीय मर्यादाओं एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य किया है. विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों के सभापति के रूप में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है.

संसदीय विषयों पर गहरी पकड़

इसके अलावा संसदीय कार्य मंत्री के रूप में सदन के सुचारु एवं प्रभावी संचालन में उनकी कार्यशैली, संवाद क्षमता एवं संसदीय विषयों पर उनकी गहरी पकड़ को समिति ने विशेष रूप से सराहा. समिति ने कहा कि खन्ना का संसदीय ज्ञान, अनुभव एवं व्यवहारिक दक्षता सदन की गरिमा को निरंतर समृद्ध करती रही है. साथ ही बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि वित्त मंत्री के रूप में सुरेश कुमार खन्ना ने विश्व आर्थिक मंच की दावोस बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधित्व किया तथा वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री जी द्वारा उन्हें ‘इन्वेस्ट यूपी’ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का दायित्व सौंपा गया, जिसके माध्यम से प्रदेश को बड़े स्तर पर निवेश प्राप्त हुआ.

समिति ने प्रस्ताव किया खन्ना का नाम

समिति के सभी सदस्यों ने खन्ना के सार्वजनिक जीवन, संसदीय योगदान एवं प्रशासनिक अनुभव पर विस्तृत चर्चा करते हुए उन्हें “उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार” के लिए सर्वथा उपयुक्त माना तथा सर्वसम्मति से उनके नाम का चयन किया. समिति द्वारा चयनित उत्कृष्ट विधायक सम्मान हेतु आगामी समय में विधानसभा सदन के भीतर एक विशेष समारोह आयोजित किया जाना प्रस्तावित है.

यह भी पढ़ें- UP को मिला ‘लीड्स 2025 रैंकिंग’ में ‘एग्जेम्प्लर’ अवार्ड, लॉजिस्टिक्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बन रहा है अग्रणी

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?