Tom Holland Movies: 30 जुलाई को सिनेमाघरों में स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे रिलीज़ हो चुकी है. फैंस लंबे समय से इस मूवी का इंतजार कर रहे थे. इस फिल्म में एक बार फिर टॉम हॉलैंड अपने मशहूर किरदार पीटर पार्कर यानी स्पाइडर-मैन के रोल में नजर आ रहे हैं. उनके साथ जेंडाया यानी एमजे और जैकब बैटलॉन यानी नेड भी वापसी कर चुके हैं. अगर आपको याद नहीं कि पीटर पार्कर की कहानी आखिर यहां तक कैसे पहुंची, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. दरअसल, मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की टाइमलाइन कई बार उलझन में डाल देती है. ऐसे में नई फिल्म देखने से पहले टॉम हॉलैंड की सभी स्पाइडर मैन फिल्मों और MCU में उनकी मौजूदगी को लाइन से देखना सबसे बेहतर रहेगा.
कैप्टन अमेरिका: सिविल वॉर, 2016
यहीं से टॉम हॉलैंड के स्पाइडर-मैन की MCU में एंट्री होती है. सिर्फ 15 साल का पीटर पार्कर टोनी स्टार्क की नजर में आता है और वो उसे टीम आयरन मैन का हिस्सा बनाते हैं. स्क्रीन पर उसका समय भले ही कम हो, लेकिन उसकी एनर्जी, मजेदार डायलॉग और शानदार एक्शन लोगों का दिल जीत लेते हैं. यही फिल्म बताती है कि ये नया स्पाइडर मैन बाकी सुपरहीरोज से कितना अलग है.
स्पाइडर-मैन: होमकमिंग, 2017
एवेंजर्स के साथ काम करने के बाद पीटर को लगता है कि अब वो बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार है. लेकिन असल जिंदगी में उसे छोटी-मोटी घटनाओं से ही निपटना पड़ता है. इसी दौरान उसकी टक्कर होती है विलेन वल्चर से, जो एलियन टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल करता है. ये फिल्म सिर्फ सुपरहीरो की नहीं, बल्कि एक आम लड़के की कहानी भी है, जो स्कूल, दोस्ती और जिम्मेदारियों के बीच बैलेंस बनाने की कोशिश करता है.
एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर, 2018
अब स्पाइडर मैन का सामना दुनिया के सबसे खतरनाक दुश्मन थैनोस से होता है. पीटर पार्कर, टोनी स्टार्क और डॉक्टर स्ट्रेंज के साथ मिलकर इन्फिनिटी स्टोन्स को बचाने की कोशिश करता है. हालांकि, आखिर में थैनोस अपनी योजना में सफल हो जाता है. पीटर भी ब्लिप का शिकार होकर धूल में बदल जाता है. फिल्म का ये पल आज भी मार्वल के सबसे यादगार सीन्स में गिना जाता है.
एवेंजर्स: एंडगेम, 2019
हालांकि, इस फिल्म में स्पाइडर मैन का स्क्रीन टाइम ज्यादा नहीं है, लेकिन उसकी वापसी बहुत दमदार होती है. थैनोस के खिलाफ अंतिम लड़ाई में वो फिर से मैदान में उतरता है और बाकी सुपरहीरोज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ता है. फिल्म के अंत में टोनी स्टार्क की मौत पीटर पार्कर को पूरी तरह बदल देती है. अपने सबसे बड़े मार्गदर्शक को खोने के बाद उसकी जिंदगी नई दिशा लेती है.
स्पाइडर-मैन: फार फ्रॉम होम, 2019
टोनी स्टार्क की मौत के दुख से उबरने के लिए पीटर अपने स्कूल ट्रिप पर यूरोप जाता है. लेकिन वहां भी उसे आराम नहीं मिलता. निक फ्यूरी उसे एक नए मिशन पर भेजते हैं, जहां उसकी मुलाकात होती है मिस्टेरियो से. शुरुआत में हीरो जैसा दिखने वाला ये किरदार बाद में सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है. फिल्म का सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आता है, जब मिस्टेरियो पूरी दुनिया के सामने स्पाइडर-मैन की असली पहचान सामने लाता है.
स्पाइडर-मैन: नो वे होम, 2021
पीटर पार्कर की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है. उसकी पहचान दुनिया के सामने आ चुकी है और उसके अपने लोग खतरे में हैं. मदद के लिए वो डॉक्टर स्ट्रेंज के पास पहुंचता है, लेकिन एक गलती मल्टीवर्स का दरवाजा खोल देती है. पुराने स्पाइडर-मैन फिल्मों के कई खतरनाक विलेन MCU में आ जाते हैं. इतना ही नहीं, टोबी मैग्वायर और एंड्रयू गारफील्ड भी अपने-अपने स्पाइडर मैन अवतार में नजर आते हैं. फिल्म के अंत में पीटर एक ऐसा फैसला लेता है, जिसमें पूरी दुनिया उसकी पहचान भूल जाती है. यहां तक कि एमजे और नेड भी उसे पहचान नहीं पाते.
क्या दिखाएगी स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे?
नई फिल्म की कहानी नौ वे होम के लगभग 4 साल बाद शुरू होगी. अब पीटर पार्कर न्यूयॉर्क में बिल्कुल अकेला रह रहा है. कोई उसे नहीं पहचानता, लेकिन स्पाइडर-मैन के रूप में वो अब भी शहर की रक्षा कर रहा है. इस बार उसे एक नए और बहुत ताकतवर दुश्मन का सामना करना होगा. इतना ही नहीं, उसकी सुपरपावर्स में भी कुछ ऐसे बदलाव होने वाले हैं, जो उसके लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं. अगर आप स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे का पूरा मजा लेना चाहते हैं, तो इन 6 फिल्मों को इसी क्रम में देखना अच्छा रहेगा. इससे आपको पीटर पार्कर का पूरा सफर समझ आ जाएगा.
Ramayana के ट्रेलर में क्यों नहीं दिखे हनुमान? जानें मेकर्स ने क्यों छिपाकर रखा सबसे बड़ा सरप्राइज
