Viral Video: अरुणाचल प्रदेश से एक प्यारा और दिल को छू लेने वाला वीडियो सामने आया है. इस भावुक भरे वीडियो में एक छोटी बच्ची देश के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों से अपील कर रही है कि नॉर्थ ईस्ट के लोगों को ‘चीनी’ न कहें. इस वीडियो ने एक बार फिर नस्लीय भेदभाव की तरफ लोगों का ध्यान खींचा है, जिसका इस इलाके में रहने वाले लोगों को सामना करना पड़ता है. 56 सेकंड के इस वायरल वीडियो में लड़की ने बताया कि किसी ने उससे पूछा था कि क्या वह चीनी हैं? इस पर बच्ची ने कहा कि यह बात जब हमसे कोई पूछता है तो हमारा मन दुखी होता है. बच्ची ने कहा कि जब लोग हमें चीनी कहते हैं तो मुझे बहुत दुख और गुस्सा आता है.
बहुत तकलीफ होती है
वायरल वीडियो में बच्ची साफ कहती हैं कि हम भारतीय हैं, हमें चीनी कतई न कहा जाए. उसने उस तकलीफ को बयां किया है जो तब होती है जब किसी की पहचान सिर्फ शारीरिक बनावट के आधार दूसरे देश का नागरिक बता दिया जाता है. हाथ जोड़कर लड़की ने कहा कि हम भारत में रहते हैं, हम ईटानगर में रहते हैं. प्लीज ऐसी बातें न कहें. अब इस लड़की का सोशल मीडिया पर ये मैसेज लोग खूब पसंद कर रहे हैं. यूजर्स अब इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं और बच्ची का समर्थन भी कर रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि उनकी बातों से नॉर्थ-ईस्ट के उन लोगों के अनुभव झलकते हैं, जिन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों में कई बार असंवेदनशील टिप्पणियों और नस्लीय भेदभाव का सामना करना पड़ा है.
अरुणाचल प्रदेश में आतंकवादी भर्ती नेटवर्क का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद
यूजर्स ने किया बच्ची की बातों का समर्थन
एक एक्स यूजर्स ने कमेंट किया और कहा कि इस छोटी-सी बच्ची के लिए दिल से सम्मान. उसके सीधे-सादे लेकिन असरदार शब्द ‘हम भी इंडिया हैं, हमको चाइनीज मत बोलो’. हमें याद दिलाते हैं कि असली भारतीय पहचान का क्या मतलब है? किसी भी बच्चे को अपने ही देश में अपनी पहचान के लिए गुहार नहीं लगानी पड़नी चाहिए. एक दूसरे यूजर ने लिखा कि जो लोग नॉर्थ-ईस्ट के भारतीयों को आसानी से ‘चाइनीज’ कह देते हैं या उनके लुक के आधार पर उन्हें बाहरी समझते हैं, वे ही इस दुखद स्थिति को पैदा कर रहे हैं. उन्हें ऐसा करना बंद करना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता है. X के एक और यूजर ने कहा कि हम PoK के लोगों को भारतीय पहचान अपनाने के लिए मनाने में इतनी ऊर्जा लगाते हैं. जबकि दूसरी तरफ हम नॉर्थ-ईस्ट के अपने ही नागरिकों को ‘चाइनीज’ कहकर अक्सर खुद से दूर कर देते हैं.
चीन से लगती है अरुणाचल की सीमा
अरुणाचल प्रदेश की सीमा चीन के साथ लगती है. भू-राजनीतिक और सीमा-संबंधी चर्चाओं के केंद्र में रहा है. बता दें कि इस साल फरवरी में दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में किराए के फ्लैट में मरम्मत के काम को लेकर हुए विवाद के दौरान अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं को कथित तौर पर उनके पड़ोसियों द्वारा नस्लीय टिप्पणियों, अपमान और डराने-धमकाने का सामना करना पड़ा था. त्रिपुरा के एक लड़के को दिसंबर 2025 में उत्तराखंड में ऐसी नस्लीय टिप्पणी का सामना करना पड़ा. विरोध करने पर उस पर हमला किया गया और उसकी मौत हो गई.
कृषि क्षेत्र में अरुणाचल प्रदेश तेजी से कर रहा विकास, स्वस्थ मिट्टी के साथ स्वस्थ फसल उपजा रहे किसान
News Source: PTI
