Vande Mataram : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् के दो टुकड़े किए थे. शाह ने इसको देश विरोधी बताते हुए इस फैसले की कड़ी निंदा की. शाह ने यह भी कहा कि इसका मकसद कानून की अनदेखी करके अपने वोट बैंक को खुश करना था. अब इस पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बीजेपी नेताओं को ‘धोखेबाज और नकली राष्ट्रवादी’ बताया. इसी कड़ी में रमेश प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे छात्रों समेत लोगों की चिंताओं से ध्यान भटकाने के लिए राष्ट्रीय गीत का राजनीतिकरण कर रहे हैं.
तुष्टिकरण की वजह से बंटवारा हुआ
वहीं, CWC के फैसले की आलोचना करते हुए शाह ने बंटवारे का इतिहास का जिक्र किया. साथ ही’वंदे मातरम्’ को छोटा किए जाने के बाद देश को नतीजे भुगतने पड़े थे. उन्होंने इसे ऐतिहासिक गलती बताया. अमित शाह ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा कि ‘वंदे मातरम’ को पूरा गाने के बजाय सिर्फ दो पद गाने का CWC का फैसला ‘राष्ट्र-विरोधी’ है, बल्कि संसद द्वारा बनाए गए कानून का खुला उल्लंघन भी है. शाह ने कहा कि साल 1937 में तुष्टिकरण करते हुए कांग्रेस ने ही वंदे मातरम् को दो हिस्सों बांट दिया था. वहीं से दो-राष्ट्र सिद्धांत को मजबूती मिली और उसके कारण ही देश का बंटवारा हुआ है. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर मोदी सरकार ने इस ऐतिहासिक गलती को सुधारा और पूरे गीत को कानूनी मान्यता दी.
वंदे मातरम् विवाद : सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज; राष्ट्रीय गीत के अपमान का लगा आरोप
लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं
शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस में एक बार फिर अपने वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राह पर चल रही है. वंदे मातरम् के टुकड़े पहले भी किए जा चुके हैं और देश को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा था. उन्होंने कहा कि देशवासियों से अपील है कि वे एकजुट हों और कांग्रेस की इस तुष्टिकरण की नीति के खिलाफ आवाज उठाएं. वहीं, कांग्रेस पर लगे आरोपों का बचाव करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि 1937 का प्रस्ताव आजादी की लड़ाई के कई बड़े नेताओं की सोची-समझी राय थी.
उन्होंने कहा कि यह इस मुद्दे का राजनीतिकरण है. कांग्रेस के लिए यह भावनात्मक मुद्दा है, लेकिन गृह मंत्री इससे राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं. वह सिर्फ और सिर्फ असली मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं. रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आजमाकर देख लिया गया है और वे अब थक चुके हैं. वह जल्द ही राजनीति से रिटायर हो जाएंगे. रमेश ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी नेता ‘धोखेबाज और नकली राष्ट्रवादी’ हैं.
वंदे मातरम् पर तकरार: कांग्रेस बोली 2 ही छंद गाएंगे…, नीतिन नबीन ने बताया ‘नई मुस्लिम लीग’
News Source: PTI
