Amarnath Yatra: तीन जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है. जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने हर हाल में 20 जून से पहले तैयारियां पूरी करने का आदेश दिया है. यह यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी और रक्षाबंधन के दिन यानी 28 अगस्त को समाप्त होगी. अमरनाथ यात्रा से पहले वरिष्ठ अधिकारियों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और तीर्थयात्रियों की व्यवस्था की समीक्षा की, जो कश्मीर घाटी की ओर जाने वाले हजारों भक्तों के लिए प्रमुख मार्ग है.
आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने यात्री निवास, चंद्रकोट में आवास, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, बिजली उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया. रामबन जिले में नाशरी से बनिहाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग- 44 चार लेन परियोजना की प्रगति का आकलन करने के अलावा उन्होंने चंदेरकोटे, यात्रा शिविर लांबर और मार्ग के अन्य निर्दिष्ट स्थानों पर व्यवस्था की भी समीक्षा की. रामबन के उपायुक्त मोहम्मद अलयास खान ने संभागीय आयुक्त कुमार और पुलिस महानिरीक्षक टूटी को 3 जुलाई से शुरू होने वाली 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र गुफा मंदिर की वार्षिक पवित्र तीर्थयात्रा के बारे में जानकारी दी.
यात्री निवास, चंद्रकोट में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कुमार ने सभी विभागों को 20 जून से पहले शेष कार्यों को पूरा करने और सभी आवश्यक सुविधाओं की स्थापना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. संभागीय आयुक्त कुमार ने चिह्नित स्थानों पर पर्याप्त शौचालयों की स्थापना, उचित स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त बिस्तर क्षमता और लंगर सुविधाओं के कुशल प्रबंधन पर जोर दिया. आयुक्त ने एसडीआरएफ को यात्रा अवधि के दौरान किसी भी स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का भी निर्देश दिया.
अग्निशमन विभाग को हर वक्त तैयार रहने के निर्देश
उन्होंने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग को प्रमुख स्थानों पर आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए अग्निशमन गाड़ियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की तैयारी बनाए रखने का निर्देश दिया. कुमार ने पहलगाम-बाउंड और बालटाल-बाउंड दोनों यात्रा काफिलों के समय की भी समीक्षा की. यात्रा कैंप लांबर में तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को काम में तेजी लाने और 20 जून तक सभी लंबित व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए.
प्रवक्ता ने कहा कि संभागीय आयुक्त ने सड़क और सुरंग निर्माण परियोजनाओं की भी समीक्षा की और परियोजना निदेशक, एनएचएआई को डिगडूल-पंथ्याल सुरंग खंड, मगरकोटे-रामसू वायाडक्ट कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया. कुमार और तूती ने वार्षिक तीर्थयात्रा के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए समन्वय और उपायों पर जोर देते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तृत चर्चा की. संभागीय आयुक्त ने उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया.
जल्द निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जानें पूरा शेड्यूल और रस्सी खींचने के नियम
News Source: PTI
