Ayodhya Ramlila: भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की गाथा को विश्व मंच पर पहचान दिलाने वाली विश्व प्रसिद्ध ‘अयोध्या की रामलीला’ इस वर्ष और भी भव्य और दिव्य रूप में दर्शकों के सामने आने जा रही है. इस वर्ष इस ऐतिहासिक मंचन में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) माता सीता की पवित्र और प्रेरणादायक भूमिका में नजर आएंगी.
दिल्ली में 10 से 20 अक्टूबर तक भव्य आयोजन
यह भव्य आयोजन 10 से 20 अक्टूबर तक दिल्ली के प्रतिष्ठित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के मावलंकर हॉल में किया जाएगा, जहां भव्य सेट, अत्याधुनिक तकनीक और विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से त्रेतायुग को जीवंत किया जाएगा. रामलीला के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि पिछले सात वर्षों से लगातार अयोध्या की पावन धरती पर इस रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा था, जिसे देश-दुनिया में अपार प्रेम मिला. पिछले वर्ष इस रामलीला को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से लगभग 62 करोड़ दर्शकों ने देखा था.
प्रभु श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे रवि किशन
संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक के अनुसार इस वर्ष की रामलीला में भारतीय फिल्म जगत और भोजपुरी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार विभिन्न पात्रों को जीवंत करेंगे. सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेता रवि किशन प्रभु श्रीराम की भूमिका में, सांसद एवं भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी विभिन्न भूमिका में, अरुण बख्शी रावण की भूमिका में, बिंदु दारा सिंह कुंभकरण की भूमिका में, अवतार गिल मेघनाद की भूमिका में और पुनीत इस्सर परशुराम की भूमिका में नजर आएंगे.
रजा मुराद की भी रहेगी मौजूदगी
इनके अलावा रजा मुराद सहित कई जाने-माने कलाकार अयोध्या की रामलीला में विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. रामलीला के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारियां पूरी है. इस वर्ष प्रभु श्रीराम दिल्ली आ रहे हैं और दिल्लीवासी इस भव्य आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस भव्य आयोजन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक, महासचिव शुभम मलिक और उपाध्यक्ष जतिन मलिक हैं.
आ गए बप्पा! ढोल-नगाड़ों संग मुंबई ने किया स्वागत, लालबाग से पंडालों तक गूंजा- गणपति का उद्घोष
