Turkiye Explosion: पश्चिमी तुर्की के एक स्टील प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 गंभीर घायल हो गए. बताया जाता है कि विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. विस्फोट के बाद पूरे प्लांट में आग लग गई. हादसे के बाद राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने टीवी पर देशवासियों को संबोधित करते हुए घटना पर दुख जताया. उन्होंने घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
हादसे के वक्त 200 कर्मचारी थे मौजूद
टीवी पर दिए अपने संबोधन में राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने बताया कि इज़मिर प्रांत के आलियागा में स्थित ‘हाबास’ (HABAS) प्लांट में लगी आग से 13 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है. एर्दोआन ने कहा कि इस विस्फोट की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है. इस दुखद घटना के कारण और परिस्थितियां क्या थीं, किसकी लापरवाही थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसका पता लगाया जाएगा. प्रांतीय गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि एक बॉयलर को बदलते समय एक क्रेन भट्ठी (फर्नेस) में गिर गई, जिससे पास की स्टील मिल में विस्फोट हो गया. उन्होंने बताया कि ब्वॉयलर बदलने के काम के कारण उत्पादन रोक दिया गया था, इसलिए वहां आम तौर पर मौजूद रहने वाले 300 कर्मचारियों की जगह उस समय 200 कर्मचारी ही मौजूद थे.
चश्मदीद ने कहा – जैसे हमारे नीचे की जमीन खिसक रही हो
इससे पहले, ब्रॉडकास्टर NTV ने विस्फोट के तुरंत बाद की तस्वीरें दिखाईं, जिनमें प्लांट के अंदर भीषण आग लगी हुई थी और धुएं का एक बड़ा गुबार ऊपर उठ रहा था. सरकारी समाचार एजेंसी ‘अनादोलु’ के अनुसार, घटना के चश्मदीद नूरी अली उल्कर ने बताया कि जमीन हिल गई. यह बहुत जोरदार था. ‘अनादोलु’ के मुताबिक, एक अन्य चश्मदीद डेनिज़ उल्कर ने कहा कि विस्फोट ऐसा लगा कि जैसे हमारे नीचे की ज़मीन खिसक रही हो. मुझे लगा कि भूकंप आ गया है. आंतरिक मंत्री मुस्तफा सिफ्टसी ने बताया कि आपातकालीन टीमों ने आग बुझाने का काम किया और साथ ही पीड़ितों की तलाश भी की. उन्होंने कहा कि हमारे घायल साथियों को अस्पतालों में ले जाया गया है और उनकी सेहत पर लगातार नज़र रखी जा रही है.
मामले की जांच शुरू, पांच हिरासत में
गवर्नर कार्यालय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने बताया कि इस केस के लिए चार सरकारी वकीलों को नियुक्त किया गया है. निजी समाचार एजेंसी ‘डेमिरोरेन न्यूज़ एजेंसी’ ने बताया कि इस धमाके के सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. आलियागा में एक बड़ा बंदरगाह है जो जहाज़ तोड़ने (शिपब्रेकिंग) के काम के लिए जाना जाता है. यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब दुनिया भर के नेता और पर्यावरण कार्यकर्ता तुर्की के भूमध्यसागरीय तट पर स्थित अंताल्या में जलवायु परिवर्तन को रोकने के उपायों पर चर्चा करने के लिए इकट्ठा हुए हैं. कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, HABAS प्लांट की स्थापना 1987 में हुई थी और यहां सालाना 4.5 मिलियन टन स्टील का उत्पादन किया जाता है.
यमन की राजधानी सना के पास भीषण हवाई हमला, 25 की मौत व 30 घायल, मलबे में दबे कई लोग
