Hanuman Mandir in Delhi: यहां आपको दिल्ली के पांच सबसे प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों के बारे में बताया गया है. हर मंदिर का अपना इतिहास और खासियत है.
1 April, 2026
चैत्र मास की पूर्णिमा को हनुमान जयंती मनाई जाती है. बजरंगबली के भक्तों को इसका इंतजार रहता है. संकटमोचन बजरंगबली को भगवान शिव का अवतार माना जाता है. इस दिन बजरंगबली की विधि-विधान से पूजा करने से सारे संकट दूर होते हैं और शक्ति मिलती है. इस दिन सभी हनुमान मंदिरों पर भीड़ लगी रहती है. हनुमान जयंती के दिन हनुमान मंदिर में दर्शन करने से मन को शांति मिलती है. आज हम आपको दिल्ली के पांच सबसे प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों के बारे में बताएंगे. हर मंदिर का अपना इतिहास और खासियत है.
प्राचीन हनुमान मंदिर, कनॉट प्लेस

यह दिल्ली के सबसे पुराने मंदिरों में से एक है, जिसका इतिहास महाभारत काल से माना जाता है. कहा जाता है कि इस मंदिर की स्थापना पांडवों ने की थी. यहां भगवान हनुमान का बाल रूप स्थापित है. इस मंदिर में 1964 से “श्री राम जय राम जय जय राम” का अखंड जाप होता आ रहा है, जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज एक रिकॉर्ड है. यहां हनुमान की मूर्ति दक्षिण दिशा की ओर है, जिसे बहुत दुर्लभ माना जाता है.
श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर, झंडेवालान

यह मंदिर अपनी विशाल मूर्ति के कारण दिल्ली में एक लैंडमार्क बन गया है. इसमें भगवान हनुमान की 108 फुट ऊंची एक विशाल मूर्ति है, जो मेट्रो से भी साफ दिखाई देती है. मंदिर का एंट्रेंस राक्षस के चेहरे जैसा बनाया गया है. आरती के दौरान, हनुमान के हाथ खुलते हैं, और उनके सीने में भगवान राम और माता सीता दिखाई देते हैं. यह मंदिर फिल्मों में कई बार दिखाया गया है. श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर की स्थापना कवि गोस्वामी तुलसीदास ने की थी.
मरघट वाले हनुमान जी, यमुना बाजार

यमुना नदी के किनारे बसा यह मंदिर बहुत पुराना और पवित्र माना जाता है. कहा जाता है कि रामायण काल में हनुमान जी ने संजीवनी बूटी लाते समय यहीं आराम किया था. बजरंगबली की मूर्ति जमीन से लगभग 7-8 फीट नीचे लगी है. मानसून के मौसम में, जब यमुना का पानी का लेवल बढ़ता है, तो पानी मंदिर के अंदर पहुंच जाता है. माना जाता है कि यमुना मां हनुमान जी के पैर छूती हैं.
संकट मोचन हनुमान मंदिर, एरोसिटी

एयरपोर्ट के पास बसा यह मंदिर अपनी शांति और मॉडर्न साउथ इंडियन आर्किटेक्चर के लिए मशहूर है. यह मंदिर द्रविड़ स्टाइल में बना है और अपनी नक्काशी के लिए प्रसिद्ध है. एयरपोर्ट की भीड़-भाड़ के बीच, यह जगह बहुत शांत और साफ है, जिससे आप शांति से ध्यान कर सकते हैं.
श्री सिद्ध हनुमान मंदिर, मयूर विहार

यह मंदिर भक्तों के बीच अपनी “जादुई परिक्रमा” के लिए मशहूर है. भक्तों का मानना है कि मंदिर की एक परिक्रमा से मानसिक तनाव दूर होता है और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. इन सभी मंदिरों में मंगलवार और शनिवार को बहुत भीड़ होती है, इसलिए अगर आप शांति से दर्शन करना चाहते हैं, तो हफ्ते के दूसरे दिनों में जाना बेहतर है.
यह भी पढ़ें- हनुमान जयंती पर भूलकर भी न करें ये गलतियां, जानें सही तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
