Chhath Puja: छठ पूजा पर श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रेखा सरकार ने खास इंतजाम किए हैं. मुनक नहर के किनारे लगभग 11 किलोमीटर लंबा घाट बनाया गया है. दिल्ली सरकार 12 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में शहर के सबसे लंबे छठ घाट का उद्घाटन करेगी. यह घाट मुनक नहर के किनारे लगभग 11 किलोमीटर तक फैला होगा. इस परियोजना का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा उत्तरी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में स्थित सिंगलपुर गांव के पास किया जाएगा.
कई जगहों पर लगेंगे फव्वारे
मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि नहर में साफ पानी के बहाव का इंतजाम किया जाएगा और कई जगहों पर फव्वारे लगाए जाएंगे. दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के अधिकारियों के अनुसार, हैदरपुर जल उपचार संयंत्र (WTP) से मुनक नहर में पानी छोड़ा जाएगा ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को साफ पानी मिल सके और पानी का बहाव लगातार बना रहे. गुप्ता ने कहा कि इस घाट की सबसे खास बात इसकी 11 किलोमीटर की लंबाई और सुनियोजित विकास है. नहर के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां और सीमेंट की सड़कें बनाई जा रही हैं ताकि छठ श्रद्धालु और आने वाले लोग बिना किसी परेशानी के घाट तक पहुंच सकें और पूजा-अर्चना कर सकें.
श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट और पर्याप्त रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है. सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं. इस परियोजना में आने वालों के लिए बेंच, हरियाली और आसपास के इलाके का सौंदर्यीकरण भी शामिल है. सरकार ने नहर को फिर से ठीक करने के लिए एक बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया. यह नहर कभी कचरे, मलबे और बेतहाशा उगी झाड़ियों से घिरी हुई थी. लंबे समय से उपेक्षित रहे इस हिस्से से लगभग 1,400 ट्रक मलबा, कचरा और अन्य गंदगी हटाई गई.
दिल्ली सरकार ने बदला नहर का स्वरूप
मुख्य मंत्री गुप्ता ने कहा कि दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने के बाद सरकार ने इस जगह को एक सुंदर और सुव्यवस्थित ‘छठ घाट’ के रूप में विकसित करने का फैसला किया. अधिकारियों ने बताया कि रेखा गुप्ता ने खुद इस परियोजना की नियमित निगरानी की. वे कई बार मौके पर गईं और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनक नहर बरसों से कायापलट का इंतजार कर रही थी और दिल्ली सरकार ने महज एक साल में ही इसका पूरा स्वरूप ही बदल दिया है.
छठ पर घर जाने वालों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा! दिल्ली से कई स्टेशनों से आज चलेंगी 31 स्पेशल…
