NZ vs AFG: न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया. टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम ने 182 रनों का स्कोर बोर्ड पर लगा दिया. फिर कीवी टीम ने 5 विकेट रहते हुए मैच जीत लिया.
NZ vs AFG: चेन्नई में खेले गए टी-20 विश्व कप के चौथे मैच में न्यूजीलैंड ने खराब शुरुआत करने के बाद भी मैच अपनी गिरफ्त से नहीं जाने दिया. कीवी टीम ने अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन का स्कोर खड़ा कर दिया. वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने 17.5 ओवर में 183 रन बना दिए. बता दें कि इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने अपनी पिछली हार का बदला भी ले लिया.
ऐसी रही अफगानिस्तान की पारी
टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत ज्यादा खास नहीं रही. न्यूजीलैंड ने छठे ओवर तक 2 विकेट चटका दिए थे और इब्राहिम जादरान 10 बनाकर पवेलियन की तरफ लौट चुके थे. इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर गुरबाज ने भी तू चल मैं आया वाली बात पूरी कर दी. ये दोनों शिकार लॉकी फर्ग्यूसन ने किए. इसके बाद गुलबदीन और सेदिकुल्लाह ने टीम की पारी को संभालते हुए 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर 17वें ओवर में 150 तक पहुंचा दिया. इस दौरान गुलबदीन अपना अर्धशतक बनाकर आउट हो गए. एक वक्त लगा कि टीम अपना स्कोर 200 के आसपास पहुंचा देगी. लेकिन न्यूजीलैंड ने एक बार मैच में वापसी करते हुए अफगान टीम को 20 ओवर में 182 रनों पर ही रोक दिया. इस दौरान लॉकी फर्ग्यूसन ने दो स्पेशल विकेट चटकाने का काम किया.
NZ की नहीं रही ज्यादा खास शुरुआत
वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी ज्यादा खास नहीं रही. टीम ने 2 ओवर में ही अपने 2 बल्लेबाज को खो दिया. फिन एलन और रचिन रवींद्र अफगान स्पिनर मुसीब का शिकार बने. इसके बाद टिम सीफर्ट ने पारी को संभालते हुए शानदार अर्धशतक जड़ दिया. हालांकि, सीफर्ट इस पारी को ज्यादा लंबा नहीं खींच पाए और वह 65 रनों पर आउट हो गए. न्यूजीलैंड ने 16वें ओवर में अपना स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 155 रनों पर पहुंचा दिया. इसके बाद मिचेल सैंटनर और डेरिल मिचेल ने 17.5 ओवर में लक्ष्य को प्राप्त कर लिया.
ऐसी थी दोनों टीमों की प्लेइंग-11
अफगानिस्तान : रहमानुल्लाह गुरबाज (WK), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, दरविश रसूली, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान (C), मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी और जियाउर रहमान शरीफी.
न्यूजीलैंड : फिन एलन, टिम सीफर्ट (WK), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, मिचेल सेंटनर (C), मैट हेनरी, जेम्स नीशम, लॉकी फर्ग्यूसन और जैकब डफी.
यह भी पढ़ें- PCB के मैच बहिष्कार वाले बयान के बाद लाहौर में होगी चर्चा! BCB प्रमुख भी पहुंचे; क्रिकेट जगत में हलचल तेज
News Source: PTI
