Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एक बार फिर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया. शनिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. मुकाबला आखिरी मिनट तक कांटे का रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए खिताब पर कब्जा बरकरार रखा. ये एशियन गेम्स में भारत का तीसरा गोल्ड मेडल भी है.
हाफ टाइम तक भारत का दबदबा
फाइनल की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया. पहले हाफ में भारत ने ईरान के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करते हुए 22-16 की बढ़त बना ली. ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगी, लेकिन दूसरे हाफ में ईरान ने जोरदार वापसी की. ईरान ने दूसरे हाफ में 18 अंक जुटाए, जबकि भारत 15 अंक ही हासिल कर सका. इसके बावजूद पहले हाफ की बढ़त भारत के काम आई और टीम ने आखिरकार तीन अंकों के अंतर से मुकाबला जीत लिया.
आखिरी मिनट में बड़ा ट्विस्ट
मुकाबले का सबसे रोमांचक दौर आखिरी मिनट में देखने को मिला. ईरान लगातार अंतर कम करने की कोशिश कर रहा था और उसे वापसी के लिए कुछ और अंकों की जरूरत थी. तभी भारतीय डिफेंस ने शानदार टैकल करते हुए ईरान की खिलाड़ी ऐनाज को रोक दिया. इस अहम टैकल ने भारत की जीत लगभग पक्की कर दी. इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबला 37-34 से अपने नाम किया. जीत के बाद पूरी टीम ने कोर्ट पर विक्ट्री लैप लिया और ‘वंदे मातरम’ के नारों से जश्न मनाया.
एशियन गेम्स: वुशु में रोशिबिना देवी ने जीता सिल्वर, बताया गोल्ड से क्यों चूकीं, CM ने दी बधाई
संजू देवी के नाम रहा दिन
भारत की जीत में संजू देवी की भूमिका भी बड़ी रही. पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली संजू ने फाइनल में भी टीम को मजबूती दी. भारतीय टीम में पूजा, राज रानी, सोनाली विष्णु शिंगाटे, पुष्पा, भावना देवी, रितु, संजू देवी, रितु नेगी, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, ज्योति और निकिता शामिल रहीं. महिला कबड्डी में भारत का ये दबदबा लंबे समय से कायम है. 2018 जकार्ता एशियन गेम्स को छोड़ दें तो भारतीय महिला टीम ने हर संस्करण में गोल्ड मेडल जीता है. 2018 में भारत को ईरान के खिलाफ हारकर सिल्वर से काम चलाना पड़ा था.
भारत की मेडल टैली
इस गोल्ड के साथ भारत की कुल पदक संख्या 27 हो गई है. इसमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. शनिवार को भारत के लिए एथलेटिक्स में सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में सिल्वर जीता. उन्होंने 2:11:37 का नेशनल रिकॉर्ड समय दर्ज किया. इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स की मैराथन में 44 साल बाद पदक हासिल किया. अब पुरुष कबड्डी टीम की बारी है. भारतीय पुरुष टीम भी शनिवार को ईरान के खिलाफ गोल्ड मेडल मुकाबला खेलेगी. ऐसे में भारत के पास कबड्डी में गोल्डन डबल पूरा करने का मौका है.
News Source: ANI
सुरुचि और कमलजीत ने भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड, शूटिंग में तोड़ा एशियन गेम्स का रिकॉर्ड
