Weather Alert: सितंबर के महीने के आखिरी दिन चल रहे हैं, लेकिन मानसून अभी विदाई के मूड में नहीं है. देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने शनिवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ लैंडस्लाइड और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है.
दिल्ली में बरसेंगे बादल
राजधानी दिल्ली में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. IMD के मुताबिक, इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में 27 सितंबर को भी बारिश और आंधी-गरज का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं, 28 सितंबर तक मौसम का असर ऐसे ही बना रह सकता है. यानी शनिवार को अगर घर से निकलना जरूरी है, तो छाता साथ रखना समझदारी होगी. तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं के पास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है. IMD के मुताबिक राज्य में 28 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है. प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर शुरू करने की सलाह दी गई है.
यूपी में भी बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पहले से बारिश हो रही है. लखनऊ, कानपुर और उन्नाव समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है. शनिवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. पश्चिमी यूपी में 27 से 29 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है. वहीं, पूर्वी यूपी में 30 सितंबर तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. बांदा, प्रयागराज, बाराबंकी, अयोध्या, बिजनौर और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
इन राज्यों में भी अलर्ट
IMD ने बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और हरियाणा में भी भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर बाढ़ की स्थिति बनने का खतरा भी बताया गया है. झारखंड के लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, कई और जिलों में येलो अलर्ट और कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी है. मौसम विभाग ने निचले इलाकों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. यात्रियों को भी सफर से पहले स्थानीय मौसम अपडेट और सड़क संबंधी एडवाइजरी जरूर चेक करने को कहा गया है.
News Source: ANI
सिक्किम में बारिश का कहर! रिम्बी में भीषण लैंडस्लाइड, 16 घर क्षतिग्रस्त; 32 परिवार प्रभावित
