Rishabh Pant: स्पिन गेंदबाज मानव सुथार और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है. दोनों ही खिलाड़ी आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स में एक साथ खेलते हैं. वहीं, प्रिंस यादव वनडे टीम में नए खिलाड़ी के रूप में शामिल हुए हैं.
Rishabh Pant: देश में क्रिकेट फैंस अभी आईपीएल का आनंद उठा रहे हैं. 20 ओवरों वाला विश्व प्रसिद्ध भारत का यह टूर्नामेंट अब अपने आखिरी और रोमांचक पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. इस बीच भारत के शानदार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर एक झटका वाली खबर सामने आई है. यह खबर पंत के साथ उनके फैंस के लिए भी चिंता वाली है.
जी हां, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया (Team India) का ऐलान कर दिया है. इसमें ऋषभ पंत को एक साथ दोहरा झटका लगा है. पंत से टेस्ट टीम की उप-कप्तानी को हटा दिया गया है. इसके अलावा उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है.
केएल राहुल बने टेस्ट टीम के उप-कप्तान
आज मंगलवार को भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान से हटा दिया गया है. इसके साथ ही उन्हें अफगानिस्तान के साथ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है.
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम शुभमन गिल की कप्तानी में अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी. इसमें ऋषभ पंत से उप-कप्तानी की जिम्मेदारी हटाकर विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल को सौंप दी गई है. बता दें कि आईपीएल में ऋषभ लखनऊ सुपर जायंट्स तो केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं.
बुमराह और जडेजा को मिला आराम
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टेस्ट और वनडे दोनों ही मैचों से आराम दिया गया है. हालांकि, वे इस प्रचंड गर्मी में इंग्लैंड दौरे के लिए वापसी करेंगे. टीम में खिलाड़ियों की सिलेक्शन मीटिंग के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने पत्रकारों से कहा, “जब हम इंग्लैंड का दौरा करेंगे तब बुमराह वापस आ जाएंगे. वह अपने वर्कआउट पर काम कर रहे हैं.” वहीं, सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी आगामी टेस्ट मैच से आराम दिया है.
इन खिलाड़ियों को टीम में मिली जगह
स्पिन गेंदबाज मानव सुथार (Manav Suthar) और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है. दोनों ही खिलाड़ी आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स में एक साथ खेलते हैं. वहीं, प्रिंस यादव वनडे टीम में नए खिलाड़ी के रूप में शामिल हुए हैं. करीब 3 साल के बाद ईशान किशन ने वनडे टीम में वापसी की है. वे शानदार बल्लेबाज के साथ विकेटकीपर भी हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच
जून 2026 में भारतीय टीम अफगानिस्तान के साथ एक टेस्ट मैच और 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. इसके लिए कप्तान शुभमन गिल हैं. वहीं, टेस्ट में भारतीय टीम के उप-कप्तान की जिम्मेदारी केएल राहुल और वनडे में उप-कप्तान की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है. 6 जून से मुल्लांपुर में भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच की शुरुआत होगी. इसके बाद 14 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. यह मैच धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में होंगे.
भारत की टेस्ट टीम का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल.
भारत की वनडे टीम का स्क्वाड
शुभमन गिल(कप्तान), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़.
यह भी पढ़ें: IPL में इन खिलाड़ियों पर लगी सबसे महंगी ‘बोली’, लिस्ट में 3 भारतीय भी शामिल; देखें कैसा रहा उनका प्रदर्शन?
News Source: PTI
