Bihar Crime: बिहार के दरभंगा जिले में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या से लोगों का गुस्सा भड़क उठा. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखरा के पास 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई.
Bihar Crime: बिहार के दरभंगा जिले में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या से लोगों का गुस्सा भड़क उठा. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखरा के पास 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई. घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया. इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारे लगाते हुए आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. पुलिस ने लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. गुस्साए लोगों ने आरोपी की दुकान और उसके टेम्पो में आग लगा दी, जिससे स्थिति और भी बिगड़ गई. पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं. बच्ची शनिवार शाम को घर से बाहर तालाब किनारे दूसरी बच्चियों के साथ खेलने गई थी. खेलने गई बच्ची के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे, लेकिन कुछ पता नहीं चला. बाद में परिवार को उसका शव एक सुनसान जगह पर खून से लथपथ मिला.
पुलिस ने पड़ोसी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया गया है. एसएसपी जगनाथ रेड्डी ने कहा कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. उन्होंने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. इसी बीच आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की. पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ खेल रही बच्चियों ने बताया कि विकास महतो बच्ची को जबरदस्ती खींचकर अंधेरे की ओर ले गया था. साथ गई बच्चियों द्वारा पहचाने जाने और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बच्ची के खून से सने कपड़े भी जब्त कर लिए हैं.
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश है. लोग आरोपी को तुरंत फांसी देने की मांग कर रहे हैं. पुलिस मौके पर तैनात है और हालात पर नजर रखे हुए है. इस संबंध में जिला प्रशासन ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी. एसएसपी जगनाथ रेड्डी ने बताया कि इस घटना में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है. आरोपी के आपराधिक कुंडली को भी खंगाला जा रहा है. उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढ़ेंः मनोरंजन बना मातम: सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से इंस्पेक्टर की मौत, ASI समेत 13 घायल
News Source: Press Trust of India (PTI)
