Delhi News : उत्तर नगर में तरुण कुमार की मौत होने के बाद इलाके में भारी तनाव बना हुआ है. इसी बीच एमसीडी ने बड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी के घर पर बुलडोजर चला दिया है और इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.
Delhi News : दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद एमसीडी ने बड़ा एक्शन लिया है. नगर निगम ने हत्या के मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर चला दिया है. इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ एमसीडी बुलडोजर लेकर पहुंची. अधिकारियों के अनुसार आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी प्रॉपर्टी पर कार्रवाई की जा रही है.
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव
इसके अलावा पुलिस ने शनिवार को बताया कि साउथ-वेस्ट दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान दो पड़ोसी परिवारों के बीच झड़प हो गई थी. इस दौरान 26 वर्षीय तरुण कुमार के साथ मारपीट की गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारी ने बताया कि शनिवार को मर्डर के अलावा FIR में SC/ST (अत्याचार रोकथाम) की धारा को भी जोड़ दिया है. होली के दिन हुई इस घटना के बाद इलाके में व्यापक तनाव फैला हुआ है और गुस्साई भीड़ लगातार न्याय की मांग कर रही है. साथ ही कुछ लोगों ने गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया है. बीते दो-तीन दिनों से हो रहे विरोध प्रदर्शन की वजह से इलाके में पुलिस और पैरामिलिट्री के जवानों की भारी तैनाती की गई है.
कई सालों से जानते दोनों परिवार
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने कहा कि दोनों परिवार पिछले पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे. साथ ही पार्किंग और कचरा फेंकने को लेकर एक-दूसरे झगड़ते रहते थे. सिंह ने आगे कहा कि दोनों परिवार असर में राजस्थान के रहने वाले थे. पहले वह राजेंद्र नगर झुग्गी-झोपड़ी में रहते थे और 2004 के बाद वह यहां पर शिफ्ट हो गए. शुरुआती जांच से पता चला है कि झगड़ा उस वक्त शुरू हुआ जब परिवार की एक लड़की ने गलती से पानी का गुब्बारा फेंक दिया जो दूसरे परिवार की महिला पर जा लगा. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच में विवाद पैदा हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई.
मौत होने के बाद मर्डर की धारा जोड़ी गई
पुलिस का यह भी कहना है कि झड़प में 8 लोग घायल हुए हैं. जहां पर एक तरफ से तीन और दूसरी तरफ से पांच लोग घायल हुए हैं. हालांकि, दोनों पक्षों की तरफ से घायलों को हॉस्पिटल से प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है. 26 वर्षीय तरुण को गंभीर चोटों की वजह से हॉस्पिटल में रखा गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आगे कहा कि शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 (गैर इरादतन हत्या की कोशिश) और 3(5) (कॉमन इंटेंशन) के तहत FIR दर्ज की गई थी. साथ ही तरुण की मौत होने के बाद पुलिस ने मर्डर की धारा को जोड़ दिया. लेकिन अब खबर सामने आई है कि पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट की धाराओं पर भी जोड़ दी गई है.
यह भी पढ़ें- Nepal में Balendra का स्वैग, पुरानी पार्टियों का सूपड़ा साफ; अब सत्ता की चाबी युवा जोश के हाथ
News Source: PTI
