CMRL Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी वीणा टी, दामाद पीए मोहम्मद रियास और अन्य लोगों के खिलाफ कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है. एजेंसी ने इस संबंध में केरल के DGP को पत्र लिखा है. सूत्रों के मुताबिक, ED ने यह पत्र मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) की धारा 66(2) के तहत भेजा है. एजेंसी ने पत्र में अपनी जांच के दौरान सामने आए निष्कर्षों का भी हवाला दिया. मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून के तहत ED को यह अधिकार है कि वह नई FIR दर्ज कराने के लिए अपनी आपराधिक जांच के निष्कर्ष किसी अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसी के साथ साझा कर सकती है.
वीणा की कंपनी को किया फर्जी भुगतान
सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी ने PMLA के तहत जांच और तलाशी के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर पूर्व मुख्यमंत्री, वीणा टी, पी ए मोहम्मद रियास के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए कहा है. ED का आरोप है कि केरल की माइनिंग कंपनी CMRL ने ‘IT कंसल्टेंसी सेवाओं’ के नाम पर वीना की बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस’ को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया था.
छापेमारी के दौरान की गई थी पूछताछ
केंद्रीय एजेंसी ने जून के महीने में वीना टी के ठिकानों पर छापेमारी की थी. वह उस वक्त तिरुवनंतपुरम में विजयन के साथ किराए के एक मकान में रह रही थीं. एजेंसी ने छापेमारी के दौरान उनसे पूछताछ की थी. इसके बाद ED ने अगस्त में अपने एक बयान में कहा था कि वीना टी के खिलाफ छापेमारी के दौरान कुछ हाथ से लिखे नोट भी जब्त कि गए थे. इन पर दुबई में कुछ फंड ट्रांसफर का ब्योरा था. हालांकि, विजयन परिवार और सीपीएम ने इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. लेकिन रियास ने इससे पहले कहा था कि वह जांच एजेंसी के आरोपों का कानूनी रूप से सामना करेंगे.
क्या ED रियास को बना रही है निशाना
वहीं, सीपीएम के राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने दावा किया कि ED रियास को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है. साथ ही विजयन ने अपनी बेटी के खिलाफ ED की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया. ईडी का दावा है कि CMRL मैनेजमेंट और वीना ने अपराध से कमाई की. एजेंसी के मुताबिक, विजयन ने अपनी बेटी के जरिए 3.28 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी. इसको रियास ने बाद में अपनी पत्नी और दोस्तों की मदद से दुबई भेजकर वैध बनाने की कोशिश की. आरोप है कि ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ का इस्तेमाल अवैध पैसे को घुमाकर वैध करने के लिए कॉर्पोरेट कंपनी का इस्तेमाल किया गया था.
कुर्सी गई, ED आई! पिनाराई विजयन के घर समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी, बेटी की कंपनी से जुड़ा है मामला
News Source: PTI
