Delhi News: दिल्ली के उत्तम नगर में हालिया तनाव को लेकर हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने साफ कहा है कि इलाके में सख्त सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए.
- दिल्ली से प्रशांत त्रिपाठी की रिपोर्ट
Delhi News: दिल्ली के उत्तम नगर में हालिया तनाव को लेकर हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने साफ कहा है कि इलाके में ऐसी सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे हर नागरिक के मन में भरोसा और सुरक्षित होने का एहसास पैदा हो. ये इंतजाम सिर्फ ईद तक ही नहीं, बल्कि रामनवमी तक जारी रहने चाहिए. उत्तम नगर दिल्ली का एक घनी आबादी वाला इलाका है, जहां बीते दिनों तनाव की स्थिति बनी रही. अब हाई कोर्ट के निर्देश के बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जा रहा है. गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. स्थानीय लोग भी पुलिस की मौजूदगी से राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन उनके मन में एक सवाल अब भी है. क्या ये सुरक्षा लंबे समय तक बनी रहेगी? हिंदू समुदाय की तरफ से कहना है कि सबका पर्व सुख शांतिपूर्वक मनाया जाना चाहिए हालांकि जिस तरह से यह हत्या की गई है उसको कभी माफ नहीं किया जा सकता.
संवेदनशील इलाकों में बढ़ी गश्त
उत्तम नगर में हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन प्रशासन के सामने असली चुनौती इस भरोसे को कायम रखना है. क्योंकि सुरक्षा सिर्फ व्यवस्था से नहीं, बल्कि लोगों के विश्वास से बनती है. हालांकि दिल्ली पुलिस ने अमन कमेटी के लोगों से बातचीत की है और भरोसा दिया है कि ईद का पर्व सही से मनाने के लिए व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने ईदगाह मस्जिद पर जाने के लिए एक रोड मैप भी दिया है. करीब 1500 दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स मौके पर तैनात है. इसके साथ दिल्ली पुलिस द्वारा 10 अतिरिक्त पैरामिलिट्री फोर्स कंपनियों की मांग की गई है. पुलिस पिकेट, ईआरवी और एंटी-रायट व्हीकल्स को भी संवेदनशील इलाकों में लगाया गया है.
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
सिर्फ उत्तम नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है. हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके. सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों पर कार्रवाई भी की जा रही है. इसके तहत 128 पोस्ट दिल्ली पुलिस के द्वारा डिलीट किए गए हैं. सोशल मीडिया अकाउंट पर दिल्ली पुलिस की नजर है. 60 से अधिक पोस्ट हटाने की प्रक्रिया में हैं. 8800 डीपी एक्ट के तहत वेरिफिकेशन जिला और पीएचक्यू की सोशल मीडिया टीम द्वारा जारी है. दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों व अमन कमेटी की बैठक हुई. बैठक के बाद अमन कमेटी के सदस्यों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने हमें आश्वासन दिया है. पुलिस ने वाहनों के रूटों में बदलाव किया है. दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर ध्यान ना दें.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली: पालम इलाके की एक बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 3 बच्चों समेत 7 की मौत, मौके पर दमकल की 30 गाड़ियां
