Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर 2026 को बहुमंजिला इमारत गिरने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि इस इमारत में पीजी (PG) संचालित हो रहा था, जहां दिल्ली विश्वविद्यालय के कई छात्र रहते थे. रविवार होने की वजह से हादसे के वक्त ज्यादातर छात्र इमारत के अंदर ही थे. इसी बीच मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है. पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा है और अब उसे दिल्ली लाया जा रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस से बचता फिर रहा था हरिराम
पांच मंजिला इमारत ढहने के बाद से ही दिल्ली पुलिस इसके मालिक की तलाश में जुटी है. लेकिन हरिराम लगातार कानून के शिकंजे से बचता फिर रहा था. हालांकि, अब पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम पालम में दबिश देने पहुंची थी लेकिन वह वहां पर मिला नहीं. पुलिस को शक था कि हरिराम गिरफ्तारी से बचने के लिए किसी सुरक्षित स्थान पर छिपा हुआ है और इसके बाद ही पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया.
बिल्डिंग गिरने से दबकर मर गए 6 परिवारों के सपने, सत्य निकेतन इलाके में 11 छात्रों को बचाया गया
सहयोगियों के यहां पर भी की थी छापेमारी
हरिराम की तलाश में जुटी पुलिस ने सबसे पहले उसके करीबी और सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की. पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा इलाके में छापेमारी की और आखिर में उसे भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया. बता दें कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में दशकों पुरानी पांच मंजिल इमारत में लड़कों का पीजी चलता था. रविवार को मरम्मत के काम के दौरान यह इमारत गिर गई. अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है और अभी भी बचाव कार्य जारी है.
MCD कमिश्नर का मांगा इस्तीफा
वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के दूसरे दिन का जायजा लेने सत्य निकेतन पहुंचीं. इस हादसे में अब तक 6 छात्रों की मौत हो गई और 11 घायल हुए हैं. सीएम गुप्ता ने रविवार को भी घटनास्थल का दौरा किया था, उनके साथ दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (MCD) के सीनियर अधिकारी भी थे. रविवार को दिल्ली सरकार ने बिल्डिंग गिरने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया. वहीं, दूसरी ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने दुर्घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग की है.
हालात का जायजा लेने सत्य निकेतन पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता, ABVP ने की MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग
News Source: PTI
