Asian share Market: आज मंगलवार को भी भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई. घरेलू स्टॉक मार्केट की शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 103.95 अंक गिरकर 76,624.42 पर आ गया. वहीं, निफ्टी 40.10 अंक गिरकर 23,908.80 पर पहुंच गया. हालांकि, भारतीय बाजार को छोड़कर एशिया के अन्य शेयर बाजारों में उछाल दिखा है. अमेरिका के वॉल स्ट्रीट में बढ़त के साथ एशियाई बाजार में शेयर झूमे हैं. मतलब कि इन मार्केट्स में तेजी दिखी है. आइए एशिया के कुछ खास मार्केट्स की स्थिति को देखते हैं.
एशियाई शेयर बाजार में अधिकतर में उछाल
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी वॉल स्ट्रीट में तेजी के बाद मंगलवार को एशियाई शेयर बाजार में अधिकतर में उछाल दिखा है. इस दौरान दक्षिण कोरिया का शेयर बाजार तकनीकी शेयरों में आई भारी बिकवाली के बाद हुए नुकसान से उबर गया है.
अमेरिका और ईरान द्वारा अलग-अलग तौर पर कतर में प्रतिनिधिमंडल भेजने की घोषणा के बाद तेल की कीमतें स्थिर हो गईं, हालांकि ईरान ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ बातचीत की कोई व्यवस्था नहीं की गई है.
दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में 1.3% तेजी
दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स, जिसने ग्लोबल एआई क्रांति के दौरान एसके हाइनिक्स जैसी कंपनियों के चिप्स सहित बढ़ती मांग के कारण शानदार प्रदर्शन किया है, 1.3% बढ़कर 8,504.43 पर पहुंच गया. पिछले दो कारोबारी दिनों में इसमें क्रमशः 0.2% और 5.8% की गिरावट दर्ज की गई थी.
पिछले कुछ महीनों में एआई शेयरों में आई तेजी की स्थिरता को लेकर चिंताओं ने दक्षिण कोरिया समेत सभी बाजारों में अस्थिरता बढ़ा दी है. सोमवार को सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और एसके हाइनिक्स ने देश के चिप निर्माण और एआई क्षेत्र में 500 अरब डॉलर से अधिक के निवेश की योजना की घोषणा की.
इस घोषणा के बाद आज मंगलवार को सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में 3.6% की तेजी दिखी, जबकि एसके हाइनिक्स के शेयरों में 1% की वृद्धि हुई.
एशिया के अन्य बाजारों का हाल
इसके अलावा, टोक्यो का निक्केई 225 इंडेक्स 0.9% बढ़कर 70,116.82 पर पहुंच गया. जापान के शेयरों को भी एआई के बढ़ते बाजार से फायदा हुआ है. चिप निर्माता टोक्यो इलेक्ट्रॉन के शेयरों में 4.3% की उछाल आई. ओपनएआई में निवेश करने वाली होल्डिंग कंपनी सॉफ्टबैंक ग्रुप के शेयरों में 0.6% की वृद्धि दर्ज की गई.
हालांकि, हांगकांग का हैंग सेंग 0.8% गिरकर 22,836.39 पर आ गया. वहीं, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.2% बढ़कर 4,080.42 पर कारोबार कर रहा था. ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 इंडेक्स 0.1% से भी कम बढ़कर 8,825.80 पर पहुंच गया. ताइवान का सेंसेक्स 3.2% बढ़ा.
वॉल स्ट्रीट में गिरावट के बाद तेजी
बता दें कि सोमवार को वॉल स्ट्रीट में शुरुआती गिरावट के बाद फिर से तेजी देखने को मिली. बेंचमार्क एसएंडपी 500 में 1.2% की वृद्धि हुई और यह 7,440.43 पर पहुंच गया. डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.6% बढ़कर 52,182.74 पर पहुंच गया. टेक्नोलॉजी शेयरों से युक्त नैस्डैक कंपोजिट में 2.1% की वृद्धि हुई और यह 25,820.14 पर पहुंच गया.
इंटेल के शेयरों में 2.7% की तेजी दिखी, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के शेयरों में 1.1% की वृद्धि हुई, एनवीडिया के शेयरों में 1.3% का उछाल दिखा और एएमडी, या एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस के शेयरों में 3.4% की तेजी दर्ज की गई.
Stock Market Today: सेंसेक्स 200 अंक लुढ़का, निफ्टी 23900 के नीचे; इन शेयरों में उछाल
News Source: PTI
