Indian Currency Update: भू-राजनीतिक तनाव में कमी के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दिखी है. इसके चलते सोमवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी आई.
वहीं, शेयर बाजार के साथ-साथ अमेरिकी करेंसी डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी रुपये में भी मजबूती दिखी है. जी हां, आज सोमवार को शुरुआती कारोबारी सत्र में रुपया, डॉलर के मुकाबले 31 पैसों की मजबूती दिखाया.
31 पैसे बढ़कर 95.12 पर पहुंचा रुपया
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे बढ़कर 95.12 पर पहुंच गया. इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज में, रुपया डॉलर के मुकाबले 95.15 पर खुला और फिर बढ़कर 95.12 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 31 पैसे ज्यादा है.
बता दें कि शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन रुपया बढ़त के साथ बंद हुआ था; यह 7 पैसे बढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.43 पर पहुंचा था.
रुपये में तेजी की क्या है वजह?
जानकार बताते हैं कि रुपये में तेजी की चाल इसलिए दिखी क्योंकि ग्लोबल क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी गिरावट आई और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले न करने के फैसले के बाद डॉलर कमजोर हुआ.
फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार, FII का पैसा आने, देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के सपोर्ट से रुपया और मजबूत हुआ.
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
एक्सपर्ट और फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “ब्रेंट कच्चे तेल की कम कीमतों, कमजोर डॉलर, निरंतर विदेशी पोर्टफोलियो प्रवाह और शुक्रवार को विदेशी मुद्रा बाजार में आरबीआई की निरंतर उपस्थिति से रुपये को समर्थन मिला.”
उन्होंने कहा, “ट्रंप द्वारा ईरान पर हमले में देरी के बाद ब्रेंट तेल की कीमतें गिरकर 84 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गईं, जिसके चलते सोमवार को रुपया 95.15 पर खुला और इसके 95.00-95.50 की सीमा में कारोबार करने की उम्मीद है.”
कच्चे तेल और शेयर बाजार का अपडेट
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 5 प्रतिशत गिरकर 83.66 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. मतलब कि एक बैरल कच्चे तेल की कीमत 83.66 अमेरिकी डॉलर हो गई है.
वहीं, घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 470.06 अंक बढ़कर 78,564.70 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 150 अंक चढ़कर 24,532.95 पर पहुंच गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 277.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
News Source: PTI
