Home Latest News & Updates Rupee vs Dollar: 47 पैसे मजबूती के बाद रुपये में गिरावट, डॉलर के मुकाबले 95.16 पर कारोबार

Rupee vs Dollar: 47 पैसे मजबूती के बाद रुपये में गिरावट, डॉलर के मुकाबले 95.16 पर कारोबार

by Amit Dubey 8 July 2026, 11:21 AM IST (Updated 8 July 2026, 12:07 PM IST)
8 July 2026, 11:21 AM IST (Updated 8 July 2026, 12:07 PM IST)
Rupee vs Dollar

Rupee vs Dollar: बीते कारोबारी सत्र यानी कि मंगलवार को गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत के बाद मार्केट बंद के दौरान रुपये में मजबूती दिखी थी. यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 47 पैसे मजबूत होकर बंद हुआ था, लेकिन यह तेजी आज थम गई है.

जी हां, आज बुधवार को बाजार में शुरुआती कारोबार में भारतीय करेंसी रुपया डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिर गया. जानकार बता रहे हैं कि यह गिरावट ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज क्षेत्र में फिर से शुरू हुए संघर्ष व हमले की वजह से है. आइए अब जानते हैं कि डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी कहां पर है और गिरावट की वजह को थोड़ा विस्तार से जानेंगे.

रुपये का 95.16 पर कारोबार

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 95.16 पर आ गया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.15 पर खुला, लेकिन बाद में और गिरकर 95.16 पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे कम है. मालूम हो कि मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 47 पैसे मजबूत होकर 94.96 पर बंद हुआ था.

इन वजहों से रुपये में गिरावट

रुपये में गिरावट को लेकर जानकार बताते हैं कि तेहरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाजों पर हमला करने के बाद अमेरिका ने ईरान पर नए सिरे से हमले किए, जिससे कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं और डॉलर मजबूत हुआ. वहीं, विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर शुरुआत ने स्थानीय मुद्रा पर और दबाव डाला.

एक्सपर्ट और फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “बुधवार को रुपया 95.15 के स्तर पर खुला क्योंकि डॉलर इंडेक्स में तेजी आई और ब्रेंट क्रूड 76 अमेरिकी डॉलर के स्तर पर पहुंच गया, जबकि अधिकांश एशियाई मुद्राएं भी डॉलर के मुकाबले गिर गईं.”

वहीं, जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, “अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ने और इसके परिणामस्वरूप ब्रेंट क्रूड की कीमत 76 अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने से बाजार एक बार फिर अनिश्चितता के दौर में आ गया है. यह अनिश्चितता कब तक बनी रहेगी और इसके क्या परिणाम होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है.”

कच्चा तेल 76.05 डॉलर प्रति बैरल

बता दें कि वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.55 प्रतिशत बढ़कर 76.05 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है. वहीं, घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 537.83 अंक गिरकर 77,642.89 पर आ गया, जबकि निफ्टी 163.55 अंक गिरकर 24,235.15 पर पहुंच गया.

इसके अलावा एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 393.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. अब ईरान और अमेरिका के बीच शुरू हुए इस संघर्ष ने विदेशी निवेशकों में फिर से बाजार को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है और शायद बिकवाली देखने को मिल सकती है.

Stock Market: बाजार धड़ाम! सेंसेक्स 500 अंक लुढ़का, निफ्टी 24300 के नीचे; क्या है वजह?

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?