Rupee Today: शेयर बाजार की तरह भारतीय करेंसी रुपये में भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. आज बुधवार को एक बार फिर से रुपये में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है. बीते दो दिनों में रुपये में कुल 23 पैसे की गिरावट आई है.
मंगलवार को यह अमेरिकी करेंसी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे गिरा था और आज इसमें 10 पैसे की और गिरावट दर्ज की गई है. आइए जानते हैं कि मार्केट की शुरुआत में रुपये की चाल क्या रही और एक्सपर्ट भारतीय करेंसी को लेकर क्या कहते हैं.
डॉलर के मुकाबले 94.86 पर रुपया
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आज बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे गिरा दिखा. यह गिरकर 94.86 पर आ गया. बताया गया कि यह गिरावट डॉलर में जारी मजबूती की वजह भी है.
हालांकि, विदेशी मुद्रा व्यापारियों का कहना है कि ग्लोबल कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट और एफआईआई के निवेश ने स्थानीय करेंसी को और अधिक गिरावट से बचाने में मदद की. बुधवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया 94.88 पर खुला और बाद में मामूली रूप से बढ़कर 94.86 पर पहुंच गया. यह पिछले बंद भाव से 10 पैसे कम है. बता दें कि मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे गिरकर 94.76 पर बंद हुआ था.
रुपये की गिरावट पर एक्सपर्ट ने क्या कहा?
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, चॉइस ब्रोकिंग की तकनीकी कमोडिटी विश्लेषक कावेरी मोरे ने कहा, “डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर खुला, लगातार तीसरे सत्र में इस पर दबाव बना रहा क्योंकि डॉलर में व्यापक स्थिरता बनी रही.” उन्होंने आगे कहा, ” शुरुआती कारोबार से संकेत मिलता है कि आयातकों की मांग और डॉलर की खरीदारी, निर्यातकों की चुनिंदा आपूर्ति पर भारी पड़ रही है, इसलिए रुपये की कीमत में तेजी जारी रह सकती है.”
एक्सपर्ट ने कहा, “95 से ऊपर लगातार ब्रेक होने पर 95.50 और फिर 96.00 तक पहुंचने का रास्ता खुल सकता है, जबकि तत्काल समर्थन 94.10-94 के आसपास देखा जा रहा है. निकट भविष्य में बाजार की दिशा व्यापक डॉलर सेंटिमेंट, कच्चे तेल के रुझान और विदेशी पोर्टफोलियो प्रवाह पर निर्भर करेगी, साथ ही आरबीआई की मौजूदगी अस्थिरता को नियंत्रण में रखेगी.”
कावेरी ने बताया,”फिलहाल, बाजार का रुख सतर्क बना हुआ है और गिरावट का फायदा उठाकर डॉलर में अपनी लंबी अवधि की पोजीशन को फिर से मजबूत किया जा सकता है.”
कच्चे तेल और शेयर बाजार की स्थिति
आंकड़ों के अनुसार, आज वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.29 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. वहीं, घरेलू शेयर बाजार (भारतीय) की बात करें तो सेंसेक्स 187.63 अंक चढ़कर 76,388.31 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 57.75 अंक बढ़कर 23,878.85 पर कारोबार करते हुए दिखा.
गिरावट के बाद उछाल के साथ बाजार की शुरुआत, सेंसेक्स 170 अंक ऊपर, निफ्टी 23800 पार
News Source: PTI
