Home Latest News & Updates Rupee Today: डॉलर के मुकाबले रुपये में दूसरे दिन भी तेजी, जानें अब कहां पहुंची भारतीय करेंसी

Rupee Today: डॉलर के मुकाबले रुपये में दूसरे दिन भी तेजी, जानें अब कहां पहुंची भारतीय करेंसी

by Amit Dubey 16 June 2026, 11:01 AM IST
16 June 2026, 11:01 AM IST
Rupee Today

Rupee Today: ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते की घोषणा के बाद अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समेत पूरे पश्चिम एशिया में तनाव खत्म होने की बात कही जा रही है. जानकार बता रहे हैं कि 19 जून को जब अमेरिका और ईरान स्विट्जरलैंड में पीस डील पर साइन कर देंगे तो भारत समेत दुनिया के तमाम देशों की एनर्जी सप्लाई (तेल, गैस और अन्य) के लिए अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी पहले की तरह खुल जाएगा.

इस शांति समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट दर्ज की गई है. इससे भारतीय शेयर बाजार में भी तेजी दिखी है और डॉलर की मांग को झटका के साथ भारतीय करेंसी में मजबूती आई है. आज मंगलवार को इस हफ्ते के दूसरे दिन लगातार रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ है.

5 पैसे मजबूत होकर 94.53 पर पहुंचा रुपया

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे मजबूत हुआ और 94.53 पर पहुंच गया. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में मंगलवार को रुपया 94.69 पर खुला, फिर तेज गति पकड़ी और शुरुआती कारोबार में 94.53 तक पहुंच गया. यह पिछले बंद भाव से 5 पैसे की वृद्धि दर्शाता है.

बता दें कि सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 60 पैसे मजबूत होकर 94.58 पर बंद हुआ था.

एक्सपर्ट ने क्या कहा?

पीटीआई के मुताबिक, विदेशी मुद्रा व्यापारियों का कहना है कि तेल की कीमतों में भारत के पक्ष में रुझान और विदेशी निवेश के समर्थन के चलते रुपये के लिए निकट भविष्य का दृष्टिकोण सकारात्मक बना हुआ है.

एक्सपर्ट और सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पबारी ने कहा, “तेल की कीमतों में तेज गिरावट और मध्य पूर्व में तनाव कम होने से अल्पकालिक रुझान रुपये के पक्ष में स्थानांतरित हो गया है. मजबूत विदेशी पूंजी प्रवाह (foreign capital inflows) की उम्मीदों और 94.80 के स्तर से नीचे USDINR के निर्णायक रूप से टूटने के साथ, आने वाले दिनों में यह जोड़ी धीरे-धीरे 94.00-93.80 के क्षेत्र की ओर बढ़ सकती है.”

डॉलर, तेल और शेयर बाजार का अपडेट

डॉलर इंडेक्स की बात करें तो यह छह करेंसियों के मुकाबले मजबूत दिखा, जो डॉलर की मजबूती को मापता है. यह 0.06 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 99.69 पर कारोबार कर रहा था. ग्लोबल तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.97 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. वहीं, अब भारतीय शेयर बाजार की बात करें तो, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 272.87 अंक चढ़कर 76,537.20 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 69.15 अंक बढ़कर 23,921.55 पर पहुंच गया.

Stock Market: सेंसेक्स में 200 अंकों की तेजी, निफ्टी 23900 के पार; देखें किन शेयरों में तेजी और किसमें सुस्ती

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?