Rupee vs Dollar: पश्चिम एशिया तनाव को खत्म करने के लिए स्विट्जरलैंड में ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता हो रही थी, लेकिन किसी खास नतीजे पर पहुंचे बिना इसे समाप्त कर देने की बात सामने आई है. इसकी वजह लेबनान में जारी ईरानी समर्थन वाले हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच संघर्ष है. जानकार बताते हैं कि ईरान और अमेरिकी वार्ता के रुकने से मार्केट को थोड़ा झटका सा लगा है. इस समझौते की अस्थिरता ने निवेशकों को चिंतित किया है, इसकी वजह से विदेशी निवेश पर भी प्रभाव की बात कही गई, जिसका असर रुपये पर भी पड़ने की बात बताई जा रही है. इस बीच आज भारतीय करेंसी रुपये में मार्केट खुलते ही अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसों की गिरावट देखी गई.
15 पैसे गिरकर 94.48 पर आया रुपया
जानकारी के अनुसार, विदेशी बाजार में अमेरिकी करेंसी की मजबूती के कारण सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे गिरकर 94.48 पर आ गया.
सोमवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 94.42 पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 9 पैसे की गिरावट को दर्शाता है. आज शुरुआती कारोबार में यह अमेरिकी करेंसी के मुकाबले 94.24 तक भी पहुंच गया. मालूम हो कि बीते कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को रुपया अपनी शुरुआती बढ़त का अधिकांश हिस्सा गंवा बैठा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 7 पैसे बढ़कर 94.33 पर बंद हुआ था.
रुपये की मजबूती की संभावना- एक्सपर्ट
एक्सपर्ट और विदेशी करेंसी व्यापारियों ने कहा कि रुपये में अस्थिरता देखी गई क्योंकि स्थिर ऋण और जमा इनफ्लो ने घरेलू मुद्रा को एक दिशा में खींचा, जबकि मध्य पूर्व की घबराहट और डॉलर की मजबूती ने इसे दूसरी दिशा में खींचा.
वहीं, एक्सपर्ट और सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पबारी ने कहा, “तकनीकी रूप से, 94.00-94.20 का क्षेत्र एक महत्वपूर्ण समर्थन क्षेत्र बना हुआ है, जबकि 94.80-95.00 तत्काल रजिस्टेंस एरिया है. कर्ज फ्लो में सुधार के संकेत और तेल की कीमतों में अपेक्षाकृत स्थिरता को देखते हुए, रुपये की मजबूती की संभावना बनी हुई है.”
कच्चा तेल और शेयर बाजार का अपडेट
ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.54 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढ़ने और ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के कारण ब्रेंट तेल की कीमत 79 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के बहुत करीब थी.”
घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 407.12 अंक चढ़कर 77,210.02 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 114.75 अंक बढ़कर 24,129.95 पर पहुंच गया.
Share Market: सेंसेक्स में 400 अंकों से अधिक का उछाल, निफ्टी 24100 के पार; इन शेयरों में तेजी
News Source: PTI
