Home Latest News & Updates Stock Market में सुबह-सुबह धमाका! Sensex-Nifty उछले, इन शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल

Stock Market में सुबह-सुबह धमाका! Sensex-Nifty उछले, इन शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल

by Preeti Pal 23 November 2026, 10:43 AM IST
23 November 2026, 10:43 AM IST
Stock Market में सुबह-सुबह धमाका! Sensex 500 अंक उछला, Nifty 25,900 के पार, इन शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार की सुबह निवेशकों के लिए राहत लेकर आई. कारोबारी वीक की शुरुआत तेजी के साथ हुई. सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 502 अंक तक उछल गया. वहीं, निफ्टी 50 भी 25,900 के पार पहुंच गया. विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और घरेलू बाजार में सकारात्मक माहौल ने बाजार को सपोर्ट दिया. हालांकि, तेजी के साथ शुरुआत करने के बाद दोनों बड़े इंडेक्स में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला. यही वजह है कि, कुछ ही देर में बाजार लाल निशान में पहुंच गया. सोमवार को बाजार खुलते ही निफ्टी 50 करीब 128 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,929.15 पर पहुंच गया. वहीं, बीएसई सेंसेक्स 502.26 अंक यानी 0.60 प्रतिशत उछलकर 84,421.97 पर खुला. लेकिन शुरुआती तेजी ज्यादा देर तक कायम नहीं रही और बाजार में अस्थिरता दिखाई देने लगी.

बाजार को मिला सपोर्ट

बैंकिंग और मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा के मुताबिक, मासिक एक्सपायरी के दिन भारतीय बाजार सकारात्मक शुरुआत के संकेत दे रहा था. पिछले करीब 25 दिनों से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की मजबूत खरीदारी बाजार को ऊपर ले जाने में मदद कर रही है. अमेरिका में फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर भी निवेशकों की नजर बनी हुई है. अमेरिकी ट्रेजरी सचिव बेसेंट की हालिया टिप्पणियों के बाद दिसंबर में फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दर बढ़ने की आशंका कुछ कम हुई है. इससे वैश्विक बाजारों के सेंटीमेंट पर असर पड़ा और सोने-चांदी की कीमतों में भी रिकवरी देखने को मिली.

गिरे Gold-Silver के दाम, 1 साल का सबसे निचला भाव; खरीदने का मौका या और सस्ता होगा सोना?

बैंकिंग शेयरों में चमक

सोमवार को बाजार के कई इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए. निफ्टी 100 में 0.65 प्रतिशत, निफ्टी मिडकैप 100 में 0.49 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.34 प्रतिशत की तेजी देखी गई. सेक्टर की बात करें तो IT शेयरों ने सबसे ज्यादा दम दिखाया. निफ्टी IT इंडेक्स 1.53 प्रतिशत उछला. इसके बाद PSU बैंक इंडेक्स में 0.95 प्रतिशत और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.70 प्रतिशत की बढ़त रही. मीडिया शेयर भी 0.66 प्रतिशत ऊपर रहे. ऑटो सेक्टर में 0.59 प्रतिशत और FMCG में 0.50 फीसदी की तेजी रही. फार्मा इंडेक्स भी मामूली 0.18 प्रतिशत बढ़ा. हालांकि, मेटल शेयरों पर दबाव रहा और निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.26 प्रतिशत गिर गया.

भारत का प्रदर्शन बेहतर

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, दुनियाभर के शेयर, करेंसी और मेटल बाजारों में उतार-चढ़ाव बढ़ा हुआ है. AI सेक्टर से जुड़ी बिकवाली की वजह से कई वैश्विक बाजार दबाव में हैं. हालांकि, भारत के बड़े शेयरों का बेहतर प्रदर्शन बाजार को मजबूती दे रहा है. उनके अनुसार, विदेशी निवेशकों का बदला रुख, रुपये में मजबूती और कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजों ने भारतीय बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत किया है. उन्होंने निवेशकों को उतार-चढ़ाव के बीच शांत रहकर व्यवस्थित तरीके से निवेश करने की सलाह दी.

सोना-चांदी में भी रिकवरी

शेयर बाजार के अलावा कमोडिटी बाजार में भी तेजी देखने को मिली. 24 कैरेट सोने की कीमत 1.83 प्रतिशत बढ़कर 1,24,004 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई. पिछले सेशन में साल के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद सोने में रिकवरी आई. वहीं, चांदी 2.58 प्रतिशत उछलकर 1,51,622 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. वहीं, ब्रेंट क्रूड ऑयल 92.33 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. दूसरी तरफ, एशियाई बाजारों में ज्यादातर इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 1.27 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.70 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.5 प्रतिशत गिरा. हालांकि, ताइवान का बाजार 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था.

News Source: ANI

Stock Market ने किया खुश! 9 महीने के हाई पर Sensex-Nifty, इन शेयरों ने लगाई जोरदार छलांग

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?