Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार की सुबह एक बार फिर बिकवाली का दबाव देखने को मिला. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. बाजार में गिरावट की बड़ी वजहों में कच्चे तेल की बढ़ती कीमत, कमजोर ग्लोबल संकेत और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली शामिल रही. इसके अलावा RBI की हालिया ब्याज दर बढ़ोतरी ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. सुबह करीब 9:45 बजे सेंसेक्स 447.83 अंक यानी 0.62 प्रतिशत गिरकर 72,190.87 के लेवल पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी 150.80 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,452.25 के आसपास कारोबार कर रहा था. यानी बाजार खुलते ही निवेशकों के बीच सतर्कता का माहौल बन गया.
बाजार का बड़ा सिरदर्द
इस गिरावट की सबसे बड़ी वजहों में कच्चे तेल की बढ़ती कीमत को माना जा रहा है. ब्रेंट क्रूड करीब 2 प्रतिशत चढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया. मिडिल ईस्ट में तनाव और शिपिंग रूट्स को लेकर बढ़ती चिंता ने तेल की सप्लाई को लेकर आशंकाएं बढ़ाई हैं. महंगा कच्चा तेल भारत के लिए खास चिंता की बात है, क्योंकि देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है. तेल महंगा होने पर आयात बिल बढ़ता है और महंगाई को लेकर भी चिंता बढ़ सकती है. इसका असर शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर पड़ता है.
Stock Market में फिर दबाव, Sensex फिसला; मेटल-ऑटो शेयरों में बिकवाली, PSU बैंक चमके
रेट हाइक का दिखा असर
बाजार में बेचैनी की एक और वजह RBI का हालिया फैसला है. केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया है. फरवरी 2023 के बाद ये पहली बढ़ोतरी है. ब्याज दर बढ़ने का असर खासतौर पर उन कंपनियों पर पड़ सकता है जिनकी फंडिंग लागत बढ़ती है. ऐसे में निवेशक कुछ सेक्टर्स के लिए सतर्क हो सकते हैं.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
विदेशी संस्थागत निवेशक यानी FII भी भारतीय शेयरों में लगातार बिकवाली कर रहे हैं. बुधवार को विदेशी निवेशकों ने 6,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की भारतीय इक्विटी बेची. इससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिला. इसके साथ ही एशियाई बाजारों में कमजोरी और बढ़ती ग्लोबल बॉन्ड यील्ड ने भी निवेशकों का मूड बिगाड़ा. फिलहाल बाजार के लिए महंगा तेल, ब्याज दरों को लेकर चिंता और विदेशी बिकवाली तीन बड़े सिरदर्द बने हुए हैं.
News Source: ANI
RBI ने बढ़ाया ब्याज, फिर भी रुपया हुआ बेहाल! डॉलर और महंगे क्रूड ने बिगाड़ा पूरा खेल
