Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 7 अक्टूबर को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई. ग्लोबल मार्केट से मिले मिले-जुले संकेतों के बीच घरेलू बाजार के प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में खुले. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 450 अंक तक फिसल गया. वहीं, निफ्टी 22,700 के नीचे चला गया. हालांकि, बाद में बैंकिंग शेयरों में खरीदारी बढ़ने से बाजार की गिरावट कुछ कम हुई. मेटल और ऑटो सेक्टर पर सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला. वहीं, PSU बैंक निवेशकों की पसंद बने रहे. सुबह करीब 11:21 बजे सेंसेक्स 179 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,888 के स्तर पर था. निफ्टी 95 अंक यानी 0.42 प्रतिशत टूटकर 22,681 पर आ गया. बाजार में 1,856 शेयर गिरावट में थे, जबकि 1,792 शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे.
मेटल और ऑटो शेयर
सेक्टोरल परफॉर्मेंस की बात करें तो मेटल इंडेक्स करीब 1.40 प्रतिशत नीचे रहा. ऑटो सेक्टर में भी 1.23 प्रतिशत की गिरावट देखी गई. कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर करीब 1 प्रतिशत कमजोर रहा. हालांकि, PSU बैंक इंडेक्स में 1.04 प्रतिशत की तेजी रही. प्राइवेट बैंक और बैंक निफ्टी भी बढ़त में कारोबार करते दिखे. निफ्टी बैंक करीब 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55,302.95 के लेवल पर पहुंच गया. छोटे शेयरों में भी कुछ खरीदारी दिखी. वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स 0.53 प्रतिशत ऊपर रहा. इसके अलावा मिडकैप इंडेक्स 0.23 प्रतिशत नीचे था. इंडिया VIX में 0.81 प्रतिशत की बढ़ोतरी थी.
इन शेयरों में दिखी तेजी
बैंकिंग शेयरों में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया करीब 2.05 प्रतिशत चढ़कर 171.90 रुपये पर पहुंच गया. पंजाब नेशनल बैंक के शेयर में भी 2.14 प्रतिशत की तेजी आई और ये 114.31 रुपये पर कारोबार करता दिखा. बजाज फाइनेंस के शेयर 2.17 प्रतिशत उछलकर 984 रुपये पर पहुंच गए. जेके सीमेंट में भी 2.04 प्रतिशत की तेजी रही और शेयर 5,061 रुपये पर पहुंच गया. भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स यानी BHEL ने 454.50 रुपये का नया 52 वीक हाई बनाया. हालांकि, बाद में शेयर करीब 0.17 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 451.25 रुपये के आसपास ट्रेड करता दिखा.
इन शेयरों पर दबाव
ऑटो सेक्टर में कमजोरी साफ नजर आई. हुंडई मोटर इंडिया के शेयर करीब 2.02 प्रतिशत गिरकर 1,948.90 रुपये पर आ गए. अशोक लेलैंड 2.23 प्रतिशत टूटकर 150.28 रुपये पर कारोबार कर रहा था. श्रीराम फाइनेंस में 2.21 प्रतिशत और भारत फोर्ज में करीब 2.01 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली. गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 2 प्रतिशत गिरकर 855.05 रुपये पर पहुंच गए. हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन भी 2.01 प्रतिशत नीचे 343.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था. इसके अलावा टाटा पावर के शेयर ने 342.20 रुपये का नया 52 वीक लो बनाया. शेयर करीब 2.20 प्रतिशत गिरकर 343.90 रुपये के आसपास था. वहीं, जूलरी और लाइफस्टाइल कंपनी टाइटन के शेयरों में भी तेज बिकवाली देखने को मिली. शेयर करीब 3.94 प्रतिशत गिरकर 4,361.35 रुपये पर आ गया. कारोबार के दौरान इसने 4,334.90 रुपये का इंट्राडे लो भी बनाया.
Stock Market में फिर लौटी तेजी, Sensex 410 अंक चढ़ा, Nifty; खूब चमके मेटल शेयर
GDP ग्रोथ का अनुमान
बाजार के बीच रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI की तरफ से आर्थिक विकास को लेकर नया आंकड़ा सामने आया. वित्त वर्ष 2027 के लिए वास्तविक GDP ग्रोथ का अनुमान पहले के 6.7 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत कर दिया गया है. दूसरी तिमाही के लिए GDP ग्रोथ अनुमान भी 6.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत किया गया है. तीसरी तिमाही का अनुमान 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.9 प्रतिशत किया गया. मजबूत आर्थिक विकास बाजार के लिए पॉजिटिव माना जा सकता है.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली अभी भी चिंता की वजह बनी हुई है. 6 अक्टूबर को FIIs ने भारतीय इक्विटी में 2,961.30 करोड़ रुपये की बिकवाली की. वहीं, DIIs ने 5,088.92 करोड़ रुपये की खरीदारी की. अक्टूबर में अब तक FIIs ने करीब 17,145 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची है. दूसरी तरफ, DIIs की कुल खरीद करीब 20,312 करोड़ रुपये पहुंच गई है.
कच्चे तेल का असर
एशियाई बाजारों में भी बुधवार को कमजोरी रही. MSCI का एशिया पैसिफिक इक्विटी इंडेक्स करीब 0.4 प्रतिशत नीचे था. जापान और दक्षिण कोरिया के बाजारों में गिरावट रही, जबकि ताइवान में तेजी देखने को मिली. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई. ब्रेंट क्रूड करीब 0.92 प्रतिशत चढ़कर 101.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. इसके अलावा WTI क्रूड भी 0.92 प्रतिशत बढ़कर 90.25 डॉलर प्रति बैरल पर रहा. अमेरिका के तेल उत्पादक क्षेत्रों की तरफ बढ़ते तूफान और सऊदी अरब पर हूती हमलों से सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है. यानी बुधवार का बाजार फिलहाल उतार-चढ़ाव के दौर से गुजरता नजर आया. एक तरफ मेटल और ऑटो शेयरों में बिकवाली ने दबाव बनाया, तो दूसरी तरफ PSU बैंक ने बाजार को संभालने की कोशिश की.
News Source: ANI
RBI ने 0.25% बढ़ाया रेपो रेट, तीन साल में पहली बार हुई बढ़ोतरी, महंगाई दर 5.9% रहने की उम्मीद
