Stock Market Today: दुनिया में भू-राजनीतिक तनाव में कमी के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के चलते बीते दिनों से शेयर बाजार में मजबूती देखी जा रही है. सोमवार को शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांकों में तेजी देखी गई, सेंसेक्स 544.39 अंक चढ़ा और निफ्टी 1.60 प्रतिशत बढ़ा.
वहीं, आज मंगलवार को शेयर बाजार में मिला-जुला असर दिख रहा है. जहां सेंसेक्स में 200 अंकों से अधिक की तेजी दिखी है, वहीं निफ्टी 100 अंकों की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आया है. आइए जानते हैं कि भारतीय स्टॉक मार्केट का ताजा अपडेट क्या है.
सेंसेक्स में 213 अंकों की तेजी
सबसे पहले बात हम शीर्ष 30 शेयरों वाले सेंसेक्स की करेंगे. सोमवार को यह हरे निशान में 78,639.03 के लेवल पर कारोबार करते हुए बंद हुआ. आज मंगलवार को यह उछाल के साथ हरे निशान में 79,132.97 के लेवल पर ट्रेड करते हुए खुला. 9 बजकर 46 मिनट पर सेंसेक्स में 213 अंकों से अधिक की तेजी दिखी. यह 0.27 फीसदी के उछाल के साथ हरे निशान में 78,853.00 पर कारोबार करते हुए दिखा.

इन शेयरों में तेजी और गिरावट
सेंसेक्स के शीर्ष 30 शेयरों में से 23 शेयरों में तेजी दिखी और यह हरे निशान में कारोबार कर रहे थे. वहीं, 7 शेयर लाल निशान में गिरावट के साथ ट्रेड करते हुए दिखे.
एशियन पेंट्स में 1.67 फीसदी की बढ़त देखी गई और यह हरे निशान में 2801 के लेवल पर कारोबार कर रहा था. टाटा स्टील में 1.53 फीसदी की तेजी दिखी और यह 192 पर कारोबार कर रहा था. इनके अलावा ट्रेंट में 1.45 प्रतिशत की तेजी, बजाज फाइनेंस में 1.45 फीसदी की तेजी, कोटक बैंक में 1.03 फीसदी की तेजी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.75 प्रतिशत का उछाल और अडाणी पोर्ट्स में 0.71 फीसदी की तेजी दिखी.
अब गिरावट वाले शेयरों की बात करें तो इंफोसिस में 0.66 फीसदी की सुस्ती दिखी. एचडीएफसी बैंक में 0.49 फीसदी की गिरावट, टीसीएस में 0.39 फीसदी की गिरावट, टाइटन में 0.29 फीसदी की सुस्ती और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.17 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

निफ्टी की क्या है चाल?
अब बात शीर्ष 50 शेयरों वाले निफ्टी की करते हैं. यह सोमवार को हरे निशान में 24,774.30 के लेवल पर बंद हुआ था, वहीं आज गिरावट के साथ लाल निशान में 24,703.90 के लेवल पर कारोबार करते हुए खुला. 9 बजकर 40 मिनट पर निफ्टी में 0.68 फीसदी की गिरावट दिखी. यह 169 अंकों की सुस्ती के साथ लाल निशान में 24,605.30 के लेवल पर कारोबार कर रहा था. इसके शीर्ष 50 शेयरों में से 13 में तेजी और 37 में गिरावट देखी गई.
सोमवार को कैसी थी बाजार की चाल?
सोमवार को शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांकों में तेजी देखी गई, सेंसेक्स 544.39 अंक चढ़ा और निफ्टी 1.60 प्रतिशत बढ़ा. विदेशी निधियों के प्रवाह ने भी बाजारों के आशावाद को बढ़ावा दिया. लगातार चौथे दिन बढ़त जारी रखते हुए, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 544.39 अंक या 0.70 प्रतिशत बढ़कर 78,639.03 पर बंद हुआ. दिन के दौरान, इसमें 800.46 अंक या 1 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 78,895.10 पर पहुंच गया.
50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 390.70 अंक या 1.60 प्रतिशत चढ़कर 24,774.30 पर बंद हुआ. सेंसेक्स समूह से इंटरग्लोब एविएशन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, इटरनल, आईटीसी और एक्सिस बैंक प्रमुख तेजी वाले शेयरों में शामिल थे. वहीं, सन फार्मा, भारती एयरटेल, मारुति और टाटा स्टील गिरावट वाले शेयरों में शामिल थे.
News Source: PTI
