Sensex Top 10 M Cap Company: 28 फरवरी से पश्चिम एशिया में जारी रहा तनाव अब खत्म हो चुका है. हालांकि, इस शांति को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच आगे भी बातचीत होती रहेगी. बहरहाल, इस तनाव के खत्म होने से भारत समेत दुनिया के कई देशों को, उनके मार्केट्स को और उनकी करेंसी को भी फायदा हुआ है.
इस बीच भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते उतार-चढ़ाव की स्थिति देखी गई. स्टॉक एक्सचेंज में इस दौरान तेजी अधिक दिखी. आज रविवार को सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों (मार्केट कैप के अनुसार) की लिस्ट सामने आई है. इसमें दिखा है कि सेंसेक्स इंडेक्स में मार्केट कैप के हिसाब के शीर्ष 10 में से 6 कंपनियों का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है, जबकि 4 कंपनियों को नुकसान हुआ है. इस बार सबसे अधिक मुनाफा भारती एयरटेल को हुआ है. आइए इनकी पूरी लिस्ट को देखते हैं.
इन 6 कंपनियों का बढ़ा मार्केट कैप
सबसे पहले हम सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से 6 के बढ़े मार्केट कैप की बात करेंगे. इसमें भारती एयरटेल को सबसे अधिक मुनाफा हुआ है. आंकड़ों के अनुसार, भारती एयरटेल की मार्केट वैल्यू 36,529.21 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 11,63,877.30 करोड़ रुपये हो गई है.
बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 33,059.83 करोड़ रुपये बढ़कर 6,43,141.36 करोड़ रुपये का हो गया. तीसरे स्थान पर आईसीआईसीआई बैंक रहा. इसके मार्केट कैप में 16,084.29 करोड़ रुपये की बढ़त हुई और अब यह 10,11,695.03 करोड़ रुपये हो गया है.
लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के मार्केट कैप में 8,601.99 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है. अब यह बढ़कर 5,44,139.55 करोड़ रुपये हो गया है. एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 7,664.89 करोड़ रुपये बढ़कर 12,33,646.33 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) का मार्केट कैप 6,461.38 करोड़ रुपये बढ़कर अब 5,17,086.30 करोड़ रुपये हो गया है.
इन 4 कंपनियों का गिरा मार्केट कैप
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से 4 के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई है. लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का मार्केट कैप 26,572.2 करोड़ रुपये गिरकर अब 5,53,978.63 करोड़ रुपये हो गया है. रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 18,945.56 करोड़ रुपये कम होकर अब 17,64,981.36 करोड़ रुपये हो गया है. इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का मार्केट कैप 4,846.08 करोड़ रुपये घटकर अब 9,59,891.92 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, टाटा ग्रुप का टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मार्केट कैप 1,031.15 करोड़ रुपये गिरकर अब 7,57,175.27 करोड़ रुपये हो गया है.
शीर्ष 10 कंपनियों में कौन सी कहां पर?
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से पिछले हफ्ते भी शीर्ष पर रिलायंस इंडस्ट्रीज ही रही है. उसके बाद एचडीएफसी बैंक, तीसरे स्थान पर भारती एयरटेल, चौथे स्थान पर आईसीआईसीआई बैंक, पांचवें स्थान पर एसबीआई, छठे स्थान पर टीसीएस, सातवें पर बजाज फाइनेंस, आठवें पर एल एंड टी, नौवें पर एलआईसी और दसवें पर हिंदुस्तान यूनिलीवर रही है.
सेंसेक्स और निफ्टी की चाल
पिछले हफ्ते स्टॉक एक्सचेंज बीएसई के इंडेक्स सेंसेक्स में करीब 663 अंकों की तेजी दिखी. यह 0.86 फीसदी तक बढ़ा. वहीं, एनएसई इंडेक्स के निफ्टी में 214 अंकों से अधिक की तेजी दिखी और यह 0.89 फीसदी बढ़ा. शुक्रवार को कारोबारी सत्र के आखिरी दिन सेंसेक्स 261.79 अंकों की तेजी के साथ 0.34 फीसदी के उछाल पर हरे निशान में 77,763.91 पर कारोबार करते हुए बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 95.15 अंकों की तेजी या 0.39 फीसदी के उछाल के साथ हरे निशान में 24,270.85 कर कारोबार करते हुए बंद हुआ.
News Source: PTI
