Share Market Today: बुधवार को गिरावट के साथ शुरुआत करने के बाद आज गुरुवार को शेयर बाजार हरे निशान में खुले हैं. बाजार के दोनों इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दिखी है. 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स आज हरे निशान में 75,732.42 के स्तर पर खुला. वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी भी तेजी में दिखा और हरे निशान में 23,830.05 के स्तर पर खुला.
बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने भारत सहित दुनिया के कई बाजारों को प्रभावित किया है. हालांकि, अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप अब इस संघर्ष को समाप्त करने की ओर बढ़ने के संकेत दे रहे हैं. वहीं, ईरान भी शांति प्रस्ताव पर बैठक कर रहा है. जानकार बताते हैं कि उम्मीद है कि पश्चिम एशिया में जारी तनातनी आने वाले कुछ दिनों में अपनी समाप्ति की ओर बढ़ सकती है. अब आइए जानते हैं कि भारतीय शेयर बाजार में आज की क्या स्थिति है.
सेंसेक्स में 300 अंकों की तेजी
सबसे पहले हम बात 30 शेयरों वाले सेंसेक्स की करते हैं. आज सुबह 9 बजकर 42 मिनट पर यह इंडेक्स 300 अंकों की तेजी के साथ कारोबार करते हुए दिखा. स्टॉक एक्सचेंज बीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इसमें अभी 0.40 फीसदी का उछाल दिखा है और यह हरे निशान में 75,619.24 के स्तर पर बंद हुआ है. सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में कारोबार करते हुए दिखे, वहीं केवल 8 शेयर लाल निशान में गिरावट पर दिखे. सेंसेक्स का पिछले कारोबारी सत्र का बंद 75,318.39 था.

23700 के ऊपर निफ्टी
अब बात निफ्टी की करते हैं. स्टॉक एक्सचेंज NSE की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 50 शेयरों वाले इस इंडेक्स में अभी 115 अंकों से अधिक का उछाल दर्ज किया गया है. यह 0.49 फीसदी की तेजी के साथ 23700 से ऊपर आकर 23,774 के लेवल के आसपास कोराबार करता हुआ दिखा. इसके कुल 50 शेयरों में से 38 में तेजी और 11 में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं एक में कोई परिवर्तन नहीं दिखा.
इन शेयरों में 3 फीसदी से अधिक का उछाल
स्टॉक एक्सचेंज BSE की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के शेयरों में तीन फीसदी से अधिक की तेजी दिखी. इंडिगो के शेयर 2.46 फीसदी, टाटा स्टील शेयर 1.23 फीसदी और एशियन पेंट्स के शेयर 1.12 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार करते हुए दिखे हैं. वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस और टाइटन के शेयरों में गिरावट देखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: लगातार 9वें कारोबारी सत्र में रुपया धड़ाम, डॉलर के मुकाबले 96.90 पर भारतीय करेंसी
News Source: PTI
