Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार की सुबह एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सोमवार को शानदार रिकवरी के बाद निवेशकों को उम्मीद थी कि बाजार में तेजी जारी रहेगी. हालांकि, कमजोर ग्लोबल संकेतों ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया. हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान पर खुले. हालांकि, बाजार की इस कमजोरी के बीच टाटा कंज्यूमर, लेंसकार्ट और कई बैंकिंग शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली.
सेंसेक्स टूटा, निफ्टी भी फिसला
मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 225.19 अंक यानी 0.31 प्रतिशत गिरकर 73,381.56 पर खुला. वहीं, एनएसई निफ्टी 61.80 अंक यानी 0.27 प्रतिशत टूटकर 22,691.40 पर पहुंच गया. शुरुआती कारोबार में करीब 1,244 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,000 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. वहीं, 158 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ. निफ्टी पर टाटा कंज्यूमर, बीएसई लिमिटेड, डॉ. रेड्डीज लैब्स, एनटीपीसी और श्रीराम फाइनेंस प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे. दूसरी तरफ जेएसडब्ल्यू स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचसीएल टेक, टाटा स्टील और ग्रासिम में बिकवाली देखने को मिली.
टाटा कंज्यूमर की ताकत
कमजोर बाजार में टाटा कंज्यूमर के शेयर निवेशकों का ध्यान खींच रहे हैं. शुरुआती कारोबार में कंपनी का शेयर 3.20 प्रतिशत उछलकर 966.45 रुपये पर पहुंच गया. लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के शेयर भी 2.86 प्रतिशत बढ़कर 669.80 रुपये पर कारोबार करते दिखे. इसके अलावा एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का शेयर 2.03 प्रतिशत चढ़कर 507.50 रुपये पर पहुंच गया. टाटा मोटर्स में 2.02 प्रतिशत और बैंक ऑफ इंडिया में 2.45 प्रतिशत की तेजी दिखी. मैनकाइंड फार्मा, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स के शेयरों में भी दो प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली.
Jio IPO ने मचाया शेयर बाजार में जबरदस्त शोर! 7.4 लाख करोड़ की डिमांड ने तोड़े रिकॉर्ड
HUL और डाबर का खेल
जहां कुछ शेयरों में खरीदारी दिखी, वहीं एफएमसीजी सेक्टर की दो बड़ी कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर गिरकर 1,780 रुपये के 52 वीक लो लेवल पर पहुंच गया. इसके बाद शेयर करीब 1.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,783.20 रुपये पर ट्रेड करता दिखा. वहीं, डाबर इंडिया का शेयर भी 356 रुपये के 52 वीक लो लेवल तक फिसल गया. आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर ने भी 409.55 रुपये का 52 हफ्तों का निचला लेवल छुआ.
बैंक ऑफ महाराष्ट्र
आरईसी के कमजोर नतीजों के बीच बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन किया. बैंक का दूसरी तिमाही का नेट प्रोफिट 41.4 प्रतिशत बढ़कर 2,309.6 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल ये आंकड़ा 1,633 करोड़ रुपये था. बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम भी 22 प्रतिशत बढ़कर 3,954.4 करोड़ रुपये हो गई. खास बात ये है कि बैंक के फंसे कर्ज यानी एनपीए में भी सुधार देखने को मिला.
कच्चे तेल की कीमत
शेयर बाजार पर अंतरराष्ट्रीय हालात का असर भी दिखाई दे रहा है. मंगलवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.57 प्रतिशत गिरकर 115.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई. वहीं, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 101.32 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. मिडिल ईस्ट में तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार से 1,462.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,609.57 करोड़ रुपये की खरीदारी करके बाजार को सहारा दिया. इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 482.92 अंक चढ़कर 73,606.75 और निफ्टी 153.20 अंक बढ़कर 22,753.20 पर बंद हुआ था. चार दिनों की लगातार गिरावट के बाद बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों को राहत मिली थी. वैसे, मंगलवार को एलएंडटी, मारुति सुजुकी, बजाज ऑटो, सिप्ला और कई दूसरी बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में इन कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. फिलहाल निवेशकों की नजर कंपनियों के नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों और ग्लोबल मार्केट के संकेतों पर बनी हुई है.
News Source: ANI
Share Market का मूड खराब! सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान पर, महंगे कच्चे तेल ने बढ़ाई टेंशन
