Stock Market Updates: शेयर बाजार ने मंगलवार को कारोबार की शुरुआत तो शानदार अंदाज में की, लेकिन ऊंचाई पर पहुंचते ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया. शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में आ गए. खासतौर पर IT शेयरों में तेज बिकवाली ने बाजार की चाल बिगाड़ दी. एक समय सेंसेक्स दिन के हाई लेवल से करीब 400 पॉइन्ट नीचे फिसल गया. वहीं, निफ्टी 23,350 के आसपास कारोबार करता नजर आया.
शुरुआत में दिखी तेजी
मंगलवार के शुरुआती कारोबार में बाजार में अच्छी खरीदारी देखने को मिली. सेंसेक्स 179.94 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,038.93 के लेवल पर पहुंच गया था. वहीं, निफ्टी भी 74.7 अंक यानी 0.31 प्रतिशत चढ़कर 23,489 पर पहुंच गया. हालांकि, 23,450 के आसपास पहुंचते ही निफ्टी में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई. हाई लेवलों पर निवेशकों ने प्रोफिट बुकिंग शुरू की और बाजार धीरे-धीरे नीचे आ गया. दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 186.80 अंक यानी 0.25 फीसदी गिरकर 74,672.19 पर था. वहीं, निफ्टी 46.80 अंक यानी 0.20 फीसदी की गिरावट के साथ 23,367.50 पर कारोबार कर रहा था.
IT शेयरों पर दबाव
बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजहों में IT सेक्टर की कमजोरी शामिल रही. निफ्टी IT इंडेक्स करीब 1.5 फीसदी नीचे आ गया. CLSA और गोल्डमैन साच्स ने IT कंपनियों की कम होती मांग को लेकर चिंता जताई है. इसके अलावा मिडिल ईस्ट टेंशन, ऊंची ब्याज दरें और महंगाई जैसे मुद्दे भी IT कंपनियों की कमाई पर दबाव डाल सकते हैं. यानी IT शेयरों में निवेशकों का भरोसा फिलहाल थोड़ा डगमगाता नजर आ रहा है. इसका सीधा असर पूरे बाजार के सेंटीमेंट पर पड़ा.
Stock Market में आज बहार! Sensex-Nifty ने लगाई छलांग, FMCG और फार्मा में दिखाया दम
कच्चा तेल भी बढ़ा रहा टेंशन
बाजार की चिंता सिर्फ IT शेयरों तक सीमित नहीं है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल करीब 0.8 प्रतिशत बढ़कर 101.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. इससे पहले कच्चे तेल में लगातार चार ट्रेडिंग सेशन में गिरावट आई थी. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है. ऐसे में तेल की कीमत बढ़ने से देश का आयात बिल बढ़ सकता है. साथ ही कंपनियों की लागत और मुनाफे पर दबाव आ सकता है.
FII की बिकवाली
विदेशी निवेशकों यानी FIIs की बिकवाली भी बाजार पर दबाव बना रही है. सोमवार को FIIs ने भारतीय शेयर बाजार में 576.20 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची. इसके अलावा पिछले सेशन में बाजार की अच्छी तेजी के बाद मंगलवार को निवेशकों ने मुनाफा वसूलना शुरू कर दिया. सोमवार को सेंसेक्स 564.03 अंक चढ़कर 74,858.99 पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी 67.90 अंक बढ़कर 23,414.30 पर पहुंच गया था. फिलहाल बाजार में रिकवरी की कोशिश जरूर दिख रही है, लेकिन इसमें मजबूती के लिए लगातार खरीदारी जरूरी होगी.
News Source: PTI
इंफ्रा सेक्टर की रफ्तार पर ब्रेक! अगस्त में 4.8% रही ग्रोथ; कोयला, गैस, तेल और खाद ने भी बढ़ाई चिंता
