Stock Market Today: आज सोमवार की सुबह दुनिया के कई देशों के साथ भारत के लिए भी खुशखबरी वाली रही. जी हां, बीते 28 फरवरी से पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर अब विराम लगा दिया गया है. 15 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया के सामने यह बड़ी जानकारी देते हुए घोषणा की कि ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता पूरा हो गया है. उन्होंने यह भी बताया कि इस शांति समझौते पर दोनों ही देश 19 जून को स्विट्जरलैंड में साइन करेंगे.
ईरान-यूएस की इस शांति डील से एक ओर जहां कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दिखी, वहीं दूसरी ओर एशिया के कई बाजारों के साथ भारतीय शेयर मार्केट में भी बड़ी तेजी (बुल रन) दिखी. सेंसेक्स में 1200 अंकों की तेजी आई, तो वहीं निफ्टी 24000 के लेवल को छू गया.

76,725.27 पर खुला सेंसेक्स
सबसे पहले हम यहां बात 30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स की करेंगे. आज सोमवार को बाजार खुलते ही इसमें 1000 से अधिक अंकों की तेजी दिखी. स्टॉक एक्सचेंज BSE की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, सोमवार को सेंसेक्स हरे निशान में 76,725.27 पर खुला. बता दें कि पिछले सत्र में यह 75,527.95 के लेवल पर बंद हुआ था.
मार्केट खुलने के बाद सेंसेक्स 9 बजकर 16 मिनट पर 1144.14 अंकों की तेजी के साथ कारोबार करते हुए दिखा. इसमें 1.51 फीसदी की तेजी दिखी और यह हरे निशान में 76,672.09 के लेवल पर ट्रेड करते हुए दिखा.
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में तेजी
30 शेयरों वाले सेंसेक्स में मात्र 1 शेयर लाल निशान में कारोबार दिखा बाकी के सभी 29 शेयर हरे निशान में दिखें. सन फार्मा शेयर एक ऐसा शेयर रहा जो मार्केट खुलने के दौरान लाल निशान में 0.48 फीसदी की गिरावट के साथ 1798.65 पर कारोबार कर रहा था.
सेंसेक्स इंडेक्स में शुरुआती कारोबारी समय में सबसे अधिक तेजी Ultratech Cement के शेयर में दिखी. यह 4.12 फीसदी की तेजी के साथ 11566 पर कारोबार करते हुए नजर आया. वहीं, इंडिगो में 4.07 फीसदी की तेजी, एल एंड टी में 3.30 फीसदी की तेजी, बजाज फाइनेंस में 3.30 फीसदी की तेजी, इटरनल में 2.75 प्रतिशत का उछाल, मारुति में 2.61 फीसदी की तेजी, एशियन पेंट्स में 2.49 फीसदी की तेजी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.12 फीसदी की तेजी, एचडीएफसी बैंक में 2.08 फीसदी की तेजी और ट्रेंट में 1.91 फीसदी की तेजी दर्ज की गई.

निफ्टी 24000 के पार
अब बात निफ्टी 50 की करते हैं. सोमवार को मार्केट खुलने के दौरान यह इंडेक्स हरे निशान में 23,984.85 के लेवल पर खुला. इसके कुछ ही देर बाद यह 24000 के ऊपर चला गया. वहीं, 9 बजकर 17 मिनट के आसपास 50 शेयरों वाला निफ्टी 336.75 अंकों की तेजी दिखाया. यह 1.43 फीसदी की तेजी के साथ हरे निशान में 23,959.65 के लेवल पर ट्रेड करते हुए दिखा. इसके कुल 50 शेयरों में से 46 में तेजी और केवल 4 में गिरावट देखी गई.
एशिया में शेयर बाजार में उछाल
ईरान युद्ध को समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के समझौते की घोषणा के बाद सोमवार को एशिया में शेयर की कीमतों में भी भारी उछाल आया. टोक्यो और सियोल के बाजार इंडेक्सों में सोमवार सुबह 5% से अधिक की बढ़त दर्ज की गई. एसएंडपी 500 का फ्यूचर इंडेक्स 1% ऊपर था और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज का फ्यूचर इंडेक्स 0.8% बढ़ा, जो वॉल स्ट्रीट के लिए शुरुआती बढ़त का संकेत दे रहा है. सियोल में कोस्पी सूचकांक ने क्षेत्रीय स्तर पर सबसे अधिक बढ़त दर्ज की, जो 5.6% बढ़कर 8,577.62 पर पहुंच गया.
कच्चे तेल की कीमत में बड़ी गिरावट
तेल की कीमतों में 3 डॉलर प्रति बैरल से अधिक की गिरावट आई है. सोमवार को शुरुआती कारोबार में, अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 3.45 डॉलर गिरकर 83.88 डॉलर प्रति बैरल हो गई. अमेरिकी बेंचमार्क क्रूड की कीमत 3.95 डॉलर गिरकर 80.93 डॉलर प्रति बैरल हो गई.
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से 8 का ₹1.90 लाख बढ़ा M Cap, ICICI Bank को सबसे अधिक मुनाफा
News Source: PTI
