Stock Market Today: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ अंतरिम समझौते की समाप्ति की घोषणा के बाद बुधवार को शेयर बाजारों में भारी गिरावट दिखी. 8 जुलाई को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,677.12 अंक या 2.15 प्रतिशत गिरकर 76,503.60 पर बंद हुआ. वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 516.65 अंक या 2.12 प्रतिशत गिरकर 23,882.05 पर समाप्त हुआ.
इस बीच आज गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट के बाद रिकवरी दिखी है. सेंसेक्स 500 अंकों से अधिक उछला है, वहीं निफ्टी 24000 के लेवल को पार कर गया है. शेयर बाजार में इस तेजी की एक वजह अमेरिका के द्वारा ईरान पर हमले को खत्म करना है. आइए अब मार्केट के ताजा अपडेट को जानते हैं और इसके साथ ही जानेंगे कि किन शेयरों में तेजी और किसमें सुस्ती दिखी है.

सेंसेक्स में 500 अंकों से अधिक उछाल
बुधवार की भारी गिरावट के बाद आज गुरुवार को सेंसेक्स में तेजी के साथ रिकवरी दिखी. बीते कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 76,503.60 के लेवल पर बंद होने के बाद आज गुरुवार को यह हरे निशान में 76,576.14 के लेवल पर खुला. 9 बजकर 49 मिनट पर इसमें 529.52 अंकों की तेजी दिखी. यह 0.69 प्रतिशत उछाल के साथ हरे निशान में 77,033.12 के लेवल पर ट्रेड करते हुए दिखा.
इटरनल समेत इन शेयरों में तेजी
आज गुरुवार को सेंसेक्स के 30 शीर्ष शेयरों में 22 में तेजी दिखी और आठ में गिरावट दर्ज की गई. तेजी वाले शेयरों की बात करें तो इटरनल (जोमैटो) के शेयर में सबसे अधिक 4.34 फीसदी की तेजी आई और यह हरे निशान में 299 के स्तर पर कारोबार करते हुए दिखा.
इसके अलावा सन फार्मा में 2.60 फीसदी की तेजी, भारती एयरटेल में 2.48 प्रतिशत की तेजी, आईसीआईसीआई बैंक में 1.23 फीसदी की तेजी, एशियन पेंट्स में 1.18 प्रतिशत की तेजी, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.96 प्रतिशत का उछाल और इंडिगो में 0.18 फीसदी की तेजी दिखी.
इंफोसिस समेत इन शेयरों में गिरावट
अब बात गिरावट वाली शेयरों की करेंगे. आईटी कंपनी इंफोसिस के शेयरों में 2.14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. यह लाल निशान में गिरावट के साथ 1046.50 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके अलावा टीसीएस में 1.29 फीसदी की गिरावट, एचसीएल टेक में 1.09 फीसदी की गिरावट, बजाज फाइनेंस में 1.01 प्रतिशत की सुस्ती, टेक महिंद्रा में 0.98 फीसदी की गिरावट और एनटीपीसी में 0.53 फीसदी की सुस्ती दिखी है.

24000 के पार निफ्टी
अब बात 50 शेयरों वाले निफ्टी की करते हैं. बीते कारोबारी सत्र में यह लाल निशान में 23,882.05 के लेवल पर बंद हुआ था. आज गुरुवार को यह हरे निशान में 23,928.95 के लेवल पर खुला. 9 बजकर 49 मिनट पर निफ्टी में 0.69 फीसदी की तेजी दिखी. यह हरे निशान में 164.75 अंकों की तेजी के साथ 24,046.80 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. निफ्टी के कुल 50 शेयरों में 36 में तेजी और 14 में गिरावट देखी गई.
बुधवार को निवेशकों का ₹8.96 लाख करोड़ स्वाहा
बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में भारी बिकवाली देखी गई क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरानी हमलों के बाद ईरान के साथ अंतरिम शांति समझौते को ‘समाप्त’ घोषित कर दिया, जिससे भू-राजनीतिक तनाव फिर से भड़क उठा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गईं.
बुधवार को निवेशकों की संपत्ति में 8.96 लाख करोड़ रुपये की कमी आई. शेयर बाजार में मंदी के रुझान को देखते हुए, बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 8.96 लाख करोड़ रुपये घटकर 4,71,23,612.10 करोड़ रुपये (4.95 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) हो गया.
बुधवार को वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 6.18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 78.74 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

सभी क्षेत्रों में गिरावट
बुधवार को बाजार में सभी क्षेत्रों में गिरावट दर्ज की गई. सर्विस क्षेत्र में 3.21 प्रतिशत, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में 2.76 प्रतिशत, मध्यम और लघु निजी बैंकों में 2.74 प्रतिशत, एफएमसीजी (2.54 प्रतिशत), वित्तीय सेवाओं में 2.49 प्रतिशत, बैंकएक्स (2.46 प्रतिशत) और शीर्ष 10 बैंकों में 2.34 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी गई.
बीएसई मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 2.14 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.61 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, बीएसई पर कुल 3,211 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 1,070 शेयरों में बढ़त हुई और 173 शेयर अपरिवर्तित रहे.
Stock Market: बाजार धड़ाम! सेंसेक्स 500 अंक लुढ़का, निफ्टी 24300 के नीचे; क्या है वजह?
News Source: PTI
