Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 18 अगस्त को कारोबार की शुरुआत थोड़ी मायूसी के साथ हुई. ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले संकेत, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और मिडिल ईस्ट में तनाव ने निवेशकों का मूड थोड़ा बिगाड़ दिया. नतीजा ये रहा कि सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. सुबह 10:27 बजे तक सेंसेक्स 301.19 अंक यानी 0.39% गिरकर 77,426.97 पर आ गया था. वहीं, निफ्टी 60.85 अंक यानी 0.25% फिसलकर 24,226.80 पर कारोबार कर रहा था. यानी निफ्टी के लिए 24,250 का स्तर फिलहाल फिर से चुनौती बन गया है.
कुछ शेयरों में दिखी तेजी
बाजार में गिरावट के बावजूद पूरी तस्वीर एकतरफा नहीं थी. करीब 1,687 शेयरों में तेजी दिखी. वहीं, 1,800 शेयरों में गिरावट देखने को मिली. 183 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ. निफ्टी पर ग्रासिम, अपोलो हॉस्पिटल्स, M&M, अडानी एंटरप्राइजेज और ONGC बढ़त बनाने वाले शेयरों में रहे. दूसरी तरफ इन्फोसिस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एविएशन और विप्रो पर सबसे ज्यादा दबाव दिखाई दिया.
आज सुबह का हाल
सुबह बाजार खुलते समय भी तस्वीर कुछ ऐसी ही थी. सेंसेक्स 216.73 अंक गिरकर 77,511.43 पर था. निफ्टी 43.55 अंक टूटकर 24,244.10 पर खुला. शुरुआती कारोबार में बजाज ऑटो, ओएनजीसी, एसबीआई, ग्रासिम और एक्सिस बैंक मजबूत दिखे. वहीं, मैक्स हेल्थकेयर, इंटरग्लोब एविएशन, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस और जियो फाइनेंशियल कमजोरी वाले शेयरों में शामिल रहे. वैसे, बाजार के प्री ओपनिंग सेशन में भी माहौल ज्यादा एक्साइटिंग नहीं दिखा. सेंसेक्स करीब 167 अंक नीचे 77,561.11 पर और निफ्टी 43.70 अंक नीचे 24,243.95 पर था. ऐसे में निवेशकों के लिए मंगलवार की शुरुआत कुछ ऐसी रही जैसे बाजार ने खुलते ही कह दिया हो, आज थोड़ा संभलकर चलना.
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से पांच का मार्केट कैप ₹1 लाख करोड़ घटा, TCS को सबसे ज्यादा नुकसान
रुपये की भी हल्की कमजोरी
करेंसी मार्केट से भी बहुत अच्छी खबर नहीं आई. भारतीय रुपया मंगलवार को 95.67 रुपये प्रति डॉलर पर खुला. वहीं, सोमवार को ये 95.61 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. यानी रुपये में मामूली कमजोरी देखने को मिली. असली चिंता बना 91 डॉलर के पार पहुंचा कच्चा तेल. दरअसल, बाजार की चिंता की सबसे बड़ी वजह इस समय कच्चे तेल की कीमत है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच शांति की उम्मीद कमजोर पड़ने से तेल की कीमतों में तेजी आई है. ब्रेंट क्रूड करीब 91.14 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. अमेरिकी WTI क्रूड भी करीब 85.04 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
सोना लगातार तीसरे दिन चमका
जहां शेयर बाजार में लाल रंग छाया रहा, वहीं सोने की चमक बनी हुई है. मंगलवार को सोने की कीमत लगातार तीसरे सेशन में बढ़ी. स्पॉट गोल्ड करीब 0.2% बढ़कर 4,424.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वैसे, सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी गिरावट रही. अब निवेशक बड़ी अमेरिकी रिटेल कंपनियों के तिमाही नतीजों का इंतजार कर रहे हैं. इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी मंगलवार को कमजोरी का माहौल रहा. दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्की 225, शंघाई का SSE कम्पोजिट और हांगकांग का बाजार भी दबाव में ट्रेड कर रहा था.
FIIs की बिकवाली
सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs ने 2,535.10 करोड़ रुपये की भारतीय इक्विटी बेची. फिलहाल बाजार के लिए तीन बड़े फैक्टर अहम हैं. पहला कच्चे तेल की कीमत, पश्चिम एशिया का तनाव और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड. खास तौर पर ब्रेंट क्रूड का 91 डॉलर के ऊपर रहना निवेशकों की चिंता बढ़ा रहा है.
कच्चे तेल की गर्मी से Stock Market में गिरावट, Sensex लुढ़का; Nifty भी 24,250 के करीब
News Source: PTI
