Stock Market: भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार की शुरुआत कुछ धीमी चाल के साथ शुरुआती की. आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों दबाव में नजर आए. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और ईरान युद्ध को लेकर बढ़ती चिंता ने निवेशकों का मूड बिगाड़ दिया. इसका सीधा असर बाजार पर दिखा और सेंसेक्स एक समय 450 अंक से ज्यादा टूट गया. वहीं, निफ्टी 24,250 के आसपास पहुंच गया. सुबह करीब 10:30 बजे बीएसई सेंसेक्स 453.52 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,555.73 पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, एनएसई निफ्टी 113.30 अंक यानी 0.46 प्रतिशत नीचे 24,252.70 पर आ गया. यानी नए हफ्ते की शुरुआत ही निवेशकों के लिए थोड़ी चिंता वाली रही.
कच्चे तेल ने बढ़ाई चिंता
बाजार की गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की बढ़ती कीमत मानी जा रही है. ब्रेंट क्रूड करीब 89 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था. मिडिल ईस्ट तनाव बढ़ने के साथ तेल की कीमतों में और तेजी आने की उम्मीद है. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव निवेशकों के लिए बड़ी मुश्किल बन गया है. महंगा कच्चा तेल भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है.
बाहर से भी नहीं मिला सहारा
भारतीय बाजार को सोमवार को वैश्विक बाजारों से भी मजबूत संकेत नहीं मिले. एशिया-प्रशांत के कई बाजारों में कारोबार सीमित और मिला-जुला रहा. जापान का निक्केई करीब 0.4 प्रतिशत ऊपर था. वहीं, ऑस्ट्रेलिया का प्रमुख इंडेक्स 0.3 प्रतिशत नीचे रहा. दक्षिण कोरियाई बाजार छुट्टी की वजह से बंद रहे. अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को कमजोर बंद हुए थे. हालांकि, सोमवार को अमेरिकी इक्विटी फ्यूचर्स में हल्की तेजी नजर आई. एसएंडपी 500 फ्यूचर्स 0.1 प्रतिशत और नैस्डैक फ्यूचर्स 0.2 प्रतिशत ऊपर थे.
इन शेयर्स ने दी ज्यादा टेंशन
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 284.85 अंक गिरकर 77,717.05 पर और निफ्टी 69.25 अंक टूटकर 24,297.05 पर पहुंचा था. सेंसेक्स के शेयरों में इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और SBI के शेयरों में गिरावट दिखी. वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयर हरे निशान में नजर आए. एक्सपर्ट्स का मानना है कि, जब तक मिडिल ईस्ट के तनाव में कमी नहीं आती और कच्चे तेल की कीमतें ऊंची रहती हैं, भारतीय बाजार में टेंशन बनी रह सकती है. हालांकि, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 508.12 करोड़ रुपये की भारतीय इक्विटी खरीदी थी. फिलहाल निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों और मिडिल ईस्ट टेंशन पर है.
News Source: PTI
15 अगस्त से ईंधन निर्यात सस्ता: पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी शून्य, डीजल और ATF पर घटा शुल्क
