Bhopal Murder: भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई. बुधवार सुबह घर में खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई. माना जा रहा है कि हत्या रात में सोते समय की गई. वारदात के बाद दो दिन पहले काम पर रखे गए घरेलू सहायक का भी पता नहीं है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस महानिदेशक को जांच के निर्देश दिए हैं. कहा कि राज्य सरकार इस मामले में पूरी तरह संवेदनशील है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
गले पर थे चोट के गहरे निशान
रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरज नगर में रहते थे. राकेश अग्रवाल 2016 में नरोन्हा एडमिनिस्ट्रेशन एकेडमी के डायरेक्टर जनरल के पद से रिटायर हुए थे. वह रातीबड़ पुलिस स्टेशन इलाके में सूरज नगर के पास नागेश्वर मंदिर के नज़दीक अपने निजी घर में पत्नी के साथ रहते थे. घर पर दो घरेलू सहायक भी काम करते थे. अग्रवाल के घर पर लंबे समय से काम कर रहे नौकर राजन ने बताया कि अग्रवाल की पत्नी ने सुबह करीब 4:30 बजे मेरी पत्नी को फ़ोन करके कहा कि उनके कमरे का दरवाज़ा बाहर से बंद है और खुल नहीं रहा है. इसके बाद, वह घटनास्थल पर पहुंचा और उनका दरवाजा खोला . नौकर और अग्रवाल की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो उनका शव खून से सना हुआ था. गले पर चोट के गहरे निशान थे. वहीं, हाथ और गले में पहने की जेवरात गायब थे.
केयरटेकर मौके से फरार
आशंका इस बात की है कि यह हत्या लूट के इरादे से की गई है. हत्या करने के बाद घर में आग लगाने की भी कोशिश की गई. एसीपी अंकिता ने बताया है कि एक एजेंसी के जरिए अग्रवाल ने दो-तीन दिन पहले ही केयरटेकर को रखा था. आशंका इस बात की है कि लूट के इरादे से यह हत्या की गई है, क्योंकि केयरटेकर मौके से फरार है. पुलिस जांच में जुटी है. आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. ये टीमें उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और पंजाब में उसके पते की पुष्टि की जा रही है. इसके अलावा, शहर भर में बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. बताया गया है कि अग्रवाल 1982 बैच के आईएएस अफसर थे और वे 2016 में सेवानिवृत हुए थे. उनका एक बेटा है, जो अमेरिका में रहता है.
