Brother Killed Sisters: अपराध के ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जो बताते हैं कि रिश्ते अब केवल नाम के रह गए हैं और लोगों में दया भाव खत्म हो गया है. एक ओर रक्षा बंधन के समय में देशभर में बहनें अपने भाई के लिए राखियां खरीद रही हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के रुड़की में एक सनकी आदमी ने भाई-बहन के रिश्ते को तार-तार कर दिया है. विवेक नाम के शख्स ने रक्षा बंधन से पहले अपनी दो बहनों की बेरहमी से हत्या कर दी. उसने अपने जीजा को भी चोट पहुंचाई, जिनका गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज चल रहा है. जानें पूरा मामला क्या है.
बहनों पर बरसाई गोलियां
पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड के रुड़की में मंगलवार रात एक भाई ने कथित तौर पर अपनी दो बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी और अपने जीजा को गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोपी भाई सबसे पहले प्रीत विहार में रहने वाली संगीता उर्फ शकुंतला (50) के घर पहुंचा. शाम करीब 7:20 बजे वह अपने घर से थोड़ी दूर सेक्टर रोड पर ई-रिक्शा में जा रही थी, तभी उसके भाई ने उसे गोली मार दी. पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई. इसके बाद आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर सुभाष नगर पहुंचा, जहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा (42) रहती थी. जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला, उसने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. गोली की आवाज सुनकर पुष्पा का पति संदीप बाहर आया तो उसके कंधे में भी गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया.
आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि आरोपी का जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. गोलियों की आवाज सुनकर जब आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दोड़े तो विवेक मौके से भाग गया. संगीता अपने बेटे के साथ रहती थी. जबकि उसकी छोटी बहन पुष्पा अपने पति संदीप के साथ सुभाषनगर में किराए पर रहती थी. करीब एक साल पहले ही पुष्पा और उसके पति यहां पर रहने आये थे. दोनों बहनों का पारिवारिक विवाद चल रहा है. शहर के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में दो बहनों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची.
बहनों के चरित्र पर शक करता था विवेक
पुलिस ने कहा कि आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की गई और उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है. वहीं घायल को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दोनों बहनों की हत्या उनके भाई विवेक ने की है. शुरुआती जांच के अनुसार, विवेक अपनी दोनों बहनों के चरित्र पर शक करता था, इसलिए उसने यह कदम उठाया.
News Source: PTI
