Child Trafficking: अहमदाबाद के न्यू राणीप इलाके में बच्चे की कथित तस्करी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है. 2 अक्टूबर की तड़के करीब 3 बजे राणीप इलाके में रहने वाले श्रमिक परिवार को उनका बच्चा घर से गायब मिला था. सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की 6 टीमें जांच में जुटीं और करीब 100 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को जांच में लगाया गया. पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए अहमदाबाद के अलग-अलग इलाकों में नाकाबंदी करने के साथ-साथ बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी निगरानी बढ़ाई.
बच्चे को नोएडा पहुंचाने की थी साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1300 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इससे पहले सोलसिविल अस्पताल में भी बच्चे की कथित तस्करी करने का प्रयास किया था. हालांकि, वहां उनका प्रयास सफल नहीं हुआ. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का कथित तौर पर लड़के को निशाना बनने का प्लान था. पुलिस के मुताबिक, न्यू राणीप से बच्चे को ले जाने के बाद उसे अहमदाबाद से बाहर ले जाकर नोएडा पहुंचाने की कथित योजना थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे को किस व्यक्ति को सौंपा जाना था और इस पूरी योजना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे.
Zepto में काम करती है आरोपी महिला
जांच के दौरान 21 वर्षीय आरोपी महिला की भूमिका सामने आई है. पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Zepto में काम करती थी. उसका संपर्क भानु उर्फ भुवनेश्वर यादव नाम की युवती से होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस की जांच के मुताबिक भानु को किसी अन्य युवक की ओर से कथित तौर पर बच्चा उपलब्ध कराने का टास्क दिया गया था. इसके बदले 10 लाख रुपये देने की बात कही गई थी. इसी के बाद बच्चे की कथित तस्करी की योजना तैयार की गई.
पुलिस के अनुसार बच्चे को ले जाने के बाद आरोपी महिला डर गई और बच्चे को छोड़कर वहां से फरार हो गई. इसके बाद वह साबरमती रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन के आसपास ही घूमती रही. पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी महिला तक पहुंचने का प्रयास किया. जांच के बाद पुलिस ने जीनत नाम की आरोपी महिला को न्यू राणीप इलाके से पकड़ लिया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. इस मामले में दो नाबालिग आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है. दोनों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग आरोपियों की भूमिका क्या थी और उन्हें इस कथित योजना में किसने शामिल किया था. अहमदाबाद पुलिस अब मामले की जांच को दूसरे राज्यों तक ले जा रही है.
जांच जारी
उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह की किसी घटना में शामिल रहे हैं. फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस उस व्यक्ति की पहचान करने पर है, जिसे कथित तौर पर बच्चे को सौंपा जाना था. मुख्य आरोपी से पूछताछ और आगे की जांच के बाद इस मामले में कथित बाल तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है. पुलिस की जांच जारी है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
महज 2250 रुपए के लिए खूनी खेल : लखनऊ में शराब के नशे में दोस्त ने दोस्त को दिया करंट, तड़प कर मौत
