Ukraine Ship Attacked: रूसी परिवहन मंत्रालय के अनुसार, काला सागर (Black Sea) तट के पास लाइबेरिया के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर यूक्रेन ने ड्रोन से हमला कर दिया. इस टैंकर पर पूरी तरह से भारतीय क्रू (चालक दल) तैनात था. मंत्रालय के अनुसार, जहाज को “नेवल ड्रोन” से निशाना बनाया गया, जिससे काला सागर में मौजूद कच्चे तेल में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि आपातकालीन बचाव दल शुरू में उसे बुझा नहीं पाए. रूसी परिवहन मंत्रालय ने कहा कि आग की तीव्रता कम होने पर दमकलकर्मी इसे बुझाने की कोशिश करेंगे.
सभी भारतीय सुरक्षित
मंत्रालय ने पुष्टि की कि हमले के बाद सभी 23 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. यह घटना सोची के पास हुई, जो रूस का काला सागर तट पर स्थित एक प्रमुख रिसॉर्ट शहर है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए फुटेज में पानी के ऊपर तेज नारंगी लपटें और सोची के पास काले धुएं का गुबार उठता हुआ दिखाई दिया. यह टैंकर हमला एक अन्य जहाज, कमर्शियल शिप MV ROYAD MAMMADOV के रोमानियाई तट पर जलकर डूबने की घटना के एक दिन बाद हुआ. उस घटना में दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई थी और तीन भारतीयों सहित कई क्रू सदस्य घायल हो गए थे. यह हमला रूस द्वारा किया गया था.
तनाव बढ़ने पर भारत ने हमले की निंदा की और चल रहे संघर्षों को खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति का आह्वान दोहराया. विदेश मंत्रालय (MEA) ने पुष्टि की कि घायल क्रू सदस्यों को रोमानियाई अधिकारियों ने बचा लिया है और उनका इलाज चल रहा है. साथ ही, मंत्रालय ने बुखारेस्ट (रोमानिया की राजधानी) की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया. रोमानिया में भारत के राजदूत मनोज महापात्रा ने कॉन्स्टांटा काउंटी अस्पताल में इलाज करा रहे तीन भारतीय नागरिकों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
दोनों तरफ से हो रहे हमले
2022 में रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद से ही ब्लैक सी में कमर्शियल समुद्री ट्रैफिक पर हमले बढ़ते जा रहे हैं और दोनों सरकारें बार-बार जहाजों और समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना रही हैं. हाल के दिनों में, मॉस्को ने रोमानिया (जो EU का सदस्य देश है) के पास यूक्रेनी कृषि उत्पादों को ले जा रहे अनाज ढोने वाले जहाजों पर हमले किए हैं. दूसरी ओर कीव का कहना है कि रूसी पेट्रोलियम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना, यूक्रेनी शहरी इलाकों पर रात में होने वाली हवाई बमबारी का एक जायज जवाब है.दोनों पक्षों ने हाल के हफ्तों में अपने सैन्य अभियानों को और तेज करने का संकल्प लिया है, जिससे ब्लैक सी से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों की समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. दोनों तरफ से हमलों में भारतीयों की जान जोखिम में डाल दी है.
होर्मुज में पनामा के जहाज पर मिसाइली हमला, 11 भारतीय घायल, विदेश मंत्रालय ने की निंदा
News Source: ANI
