UP Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में महज 2250 रुपए के लिए दोस्त ने अपने दोस्त की जान ले ली. वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने सचिन उर्फ राजा उर्फ रामधीरज की हत्या के मामले में 26 साल के युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने शराब पीने के बाद वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने शराब पीने के बाद बेहोश होने पर सचिन की करंट का झटका देकर मौत के घाट उतार दिया था. पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को लखनऊ के बिजनौर पुलिस स्टेशन इलाके में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी.
आरोपी गिरफ्तार
शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके बेटे सचिन की हत्या बिरजू, तेजू और अन्य साथियों ने गला घोंटकर और बिजली का झटका देकर कर दी है. शिकायत के आधार पर बिजनौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) के निर्देश पर आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं. टीमों ने लगभग 170-190 सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी व मैनुअल सबूतों के साथ-साथ स्थानीय खुफिया नेटवर्क से मिली जानकारी का इस्तेमाल किया. जांच के बाद पुलिस ने 2 अक्टूबर को नामजद आरोपी बिरजू को गिरफ्तार कर लिया.
साथ में खाना खाते और पीते थे शराब
पूछताछ के दौरान बिरजू ने पुलिस को बताया कि वह और सचिन दोस्त थे और अक्सर साथ में खाना खाते और शराब पीते थे. सचिन अक्सर बिरजू के कमरे पर भी आता था क्योंकि बिरजू अकेला रहता था और वे दोनों अक्सर वहां बैठकर शराब पीते थे. पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को सचिन ने बिरजू से कहा कि उसे पैसों की जरूरत है और कुछ पैसों का इंतजाम करने को कहा. बिरजू ने उससे कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं. इसके बाद सचिन ने पैसे जुटाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रख दी. दोनों ने कुछ पैसों से शराब खरीदी और बाद में बिरजू के कमरे में बैठकर शराब पी.
पीने के बाद बेहोश हो गया था सचिन
पुलिस ने बताया कि अधिक शराब पीने की वजह से जब सचिन बेहोश हो गया, तो बिरजू के मन में उसके पास बचे हुए पैसे लेने का ख्याल आया. उसने सचिन को मारने का फैसला किया और कमरे में बेहोश पड़े सचिन को बिजली का झटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपी ने सचिन की जेब से बचे हुए पैसे निकाले और फिर उसकी लाश को किसी और के घर के पास रखकर वहां से भाग गया. पुलिस ने आरोपी के पास से एक बिजली का तार, स्टैंड वाला लोहे का कूलर और 2,250 रुपये नकद बरामद किए, जो मृतक की जेब से लिए गए थे. इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ऑनलाइन गेमिंग के बाद खूनी खेल! झगड़ा होने पर युवक के सिर चढ़ा खून, दोस्त की गला रेतकर की हत्या
