Delhi Murder: दिल्ली में मामूली बात पर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. बात बस इतनी थी कि मृतक ने सिगरेट जलाने के लिए अपने पास माचिस न होने की बात कह दी थी. यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी. इसके बाद आरोपियों ने मृतक और उसके दोस्त से बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते बहस ने झगड़े का रूप ले लिया. आरोपियों ने युवक और उसके दोस्त पर लात-घूसे के साथ चाकू से हमला कर दिया. जिससे युवक की मौत हो गई, जबकि दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
वारदात में शामिल तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बुधवार को बताया कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली में सिगरेट जलाने के लिए माचिस न देने की मामूली सी बात पर हुई बहस जानलेवा झगड़े और चाकू मारने की घटना में बदल गई, जिसमें 30 साल के एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया. उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार को केशव पुरम इलाके में शराब की दुकान के सामने हुई, जब मृतक भवानी और आशा राम की तीन लोगों से बहस हो गई. बहस तब शुरू हुई जब उनसे सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगी गई. पुलिस ने बताया कि जब युवक ने कहा कि उसके पास माचिस नहीं है, तो आरोपियों और युवकों के बीच कहासुनी हो गई. एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीखी बहस के बाद आरोपियों ने दोनों लोगों पर घूंसे और चाकू से हमला किया. भवानी को तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद
अधिकारी ने बताया कि उनकी पीठ के बाईं ओर गहरा घाव था. आशा राम (32) की छाती के निचले बाईं ओर चाकू लगा था और उसका इलाज चल रहा है. उसे बयान देने की हालत में नहीं पाया गया. आरोपियों के खिलाफ केशव पुरम पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 103(1) (हत्या) और 109(1) (हत्या की कोशिश) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि उन्होंने तकनीकी जानकारी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान की. अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी नरेश बहादुर उर्फ नेपाली (19) को तरुण (19) और एक नाबालिग के साथ पकड़ा गया. अधिकारी ने कहा कि नरेश ने दोनों युवकों को चाकू मारा, जबकि तरुण और नाबालिग ने उन पर घूंसे बरसाए. पुलिस ने बताया कि नरेश की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है. आगे की जांच चल रही है.
दक्षिणी दिल्ली में सनसनी: जिम ट्रेनर की सरेआम गोली मारकर हत्या, फायरिंग से थर्राया इलाका
News Source: PTI
