Husband Killed Wife: महिलाओं के साथ घरेलु हिंसा को आज भी ग्रामीण इलाकों में अपराध नहीं माना जाता. पुरुषों को लगता है कि वे अपनी पत्नी को मार सकते हैं. समय-समय पर हमें कुछ ऐसी खबरें सुनाई दे जाती हैं, जहां पुरुष ने अपनी पत्नी को बेरहमी से मारा और हमला इतना तेज था कि महिला की जान चली गई. उत्तर प्रदेश से ऐसी ही दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं. हरदोई के बिलग्राम में, सात महीने की गर्भवती महिला को उसके पति ने कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर मार डाला. आगरा में दहेज के लिए एक महिला को उसके पति और ससुराल वालोंं ने मार डाला.
गर्भवती महिला की डंडे से पीटकर हत्या
पुलिस ने बुधवार को इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि म्योरा गांव में 24 साल की किरण सात महीने की गर्भवती थी. मंगलवार शाम को कथित तौर पर उसका अपने पति विशाल पाल से झगड़ा हुआ. पति ने उसे डंडे से पीटा. पाल की मां प्रेमा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उसने उन पर भी हमला किया गया. चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी.
तीन साल पहले हुई थी शादी
किरण को बिलग्राम के एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और विशाल को हिरासत में ले लिया. एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ईस्ट) सुबोध गौतम ने कहा कि परिवार की शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बताया कि विशाल और किरण की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उनकी एक साल की बेटी है. विशाल के गुस्से ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया.
चाकू से गला रेतने का आरोप
दूसरा मामला आगरा का है. पुलिस ने बताया कि खंदौली इलाके में दहेज के लिए एक 30 साल की महिला की उसके पति और उसके परिवार ने कथित तौर पर हत्या कर दी. यह घटना मंगलवार को पीली पोखर गांव में हुई, जिसमें पीड़िता की पहचान किरण के तौर पर हुई. उसकी शादी 2018 में विवेक से हुई थी और उनके दो बेटे हैं. मृतका के भाई ललित के मुताबिक, परिवार ने शादी पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन विवेक और उसके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर और पैसे मांगे.
पुलिस ने कहा कि किरण पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया और फिर चाकू से उसका गला रेत दिया गया. हत्या के बाद उसका पति और उसका परिवार दंपति के दो बेटों को लेकर भाग गए. असिस्टेंट कमिश्नर देवेश कुमार ने कहा कि किरण का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जिस पर चोट के कई निशान थे.
News Source: PTI
