Chhattisgarh Crime: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 36 वर्षीय एक व्यक्ति ने सोमवार को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते कथित तौर पर पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी ने खुद पर चाकू से हमला कर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. आरोपी को हिरासत में लेने के बाद इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया और यहां पर उसका इलाज चल रहा है. दूसरी ओर पुलिस ने पत्नी और दो नाबालिग बच्चों का शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है. साथ ही घटनास्थल को सील करने के बाद जांच भी शुरू कर दी गई है.
पुलिस ने मृतकों की बताई पहचान
वहीं, सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस लंबोदर पटेल ने बताया कि यह घटना शनिवार रात माना पुलिस स्टेशन इलाके के डुमरतराई इलाके में हुई है. उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी की पहचान बालोद जिले के रहने वाले भुनेश्वर साहू के रूप में हुई है. डुमरतराई में साहू किराए के मकान में रहता था. अधिकारी ने कहा कि साहू ने कथित तौर पर घर में रखे चाकू से अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू (32) और अपने दो बेटों आशीष साहू (11) और जॉन साहू (8) पर हमला किया.
बच्चों से परेशान मां ने खोया आपा! 2 साल के बेटे पर पेपर कटर से हमला, गंभीर रूप से घायल मासूम
मौके पर ही हो गई दो बच्चों की मौत
साहू ने जब अपने परिजनों पर हमला किया तो इसके बाद उसके दो बच्चों की मौत मौके पर ही हो गई. साथ ही जब उसकी पत्नी को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और ऐसा लगता है कि इसी वजह से ये हत्याएं हुईं. उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच चल रही है और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ चीजें क्लियर हो पाएंगी.
पहले भी पति ने पत्नी की हत्या की
दो महीने पहले भी इसी तरह की घटना सामने आई थी. इसी साल 27 जुलाई को यूपी के महोबा जिले में एक पारिवारिक विवाद की वजह से एक शराबी पति ने घरेलू झगड़े के बाद अपनी आठ महीने की गर्भवती पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी. कुलपहाड़ के सर्कल ऑफिसर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि रात में हनीफ का नाम के व्यक्ति का फोन आया और उसने बताया कि बिजराड़ी गांव में उसकी पत्नी मनीषा मंसूरी (27) की मौत हो गई है. साथ ही पुलिस ने जब इस मामले में जांच शुरू की तो महिला के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से लगी चोट के निशान मिले.
हरदोई में सात महीने की गर्भवती महिला को पीट-पीटकर मारा डाला, आगरा में दहेज के लिए हत्या
