UP Crime: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक मंदिर के अंदर दो साधुओं की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय युवक पर दो साधुओं की हत्या करने और उसके बाद दोनों के शवों को जलाने का आरोप है. पुलिस मुख्य आरोपी सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. यह घटना शाहजहांपुर के खुदागंज थाना अंतर्गत सूथा गांव की है. जानकारी के मुताबिक, दोनों साधुओं की हत्या के बाद उनके शवों को मंदिर परिसर में ही जला दिया गया था. गुरुवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो वहां दो चिताओं की राख और जले हुए अवशेष देखकर हड़कंप मच गया.
मंदिर में ही रहते थे दोनों सन्यासी
मृतकों की पहचान साधु गोपालदास और उनके शिष्य बिहारीदास के रूप में हुई है. दोनों साधु मंदिर में ही रहते थे. इस घटना के बाद ग्रामीणों और अन्य साधुओं में आक्रोश है. बाबा बिहारी दास के भतीजे प्रदीप सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के युवक ने उनके चाचा और उनके शिष्य की हत्या कर दोनों लोगों को जला दिया. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7 बजे थाना खुदागंज को सूथा गांव से सूचना प्राप्त हुई कि गांव के बाहर एक देवस्थान बना हुआ है, जहां दो संन्यासियों के शव जली हुई अवस्था में मिले हैं. सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना पुलिस, उच्चाधिकारी और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं.
मुख्य आरोपी हिरासत में
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि गांव के ही शिव कुमार, जो उक्त देवस्थान के संरक्षक भी हैं, की ओर से पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में बताया गया है कि गांव का ही सुमित, जो कुछ दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया है, विगत कुछ दिनों से देवस्थान पर दोनों संन्यासियों के साथ उठने बैठने लगा था. ग्रामवासियों की ओर से प्राथमिक तौर पर इस बात की पुष्टि की गई है कि दोनों संन्यासियों को एक बार सुमित की ओर से यह कहा गया था कि आप दोनों यहां से हट जाइए, अब मैं यहां रहने वाला हूं, मेरा ही एकाधिकार होगा. एसपी के अनुसार, प्रथम दृष्टया इसी बात को लेकर बुधवार रात में यह घटना हुई. मौके से सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पूरे घटनाक्रम में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आते हैं, उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या, घर में आग लगाने की भी कोशिश
