Home Top News कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर देशभर में आस्था का सैलाब, PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर देशभर में आस्था का सैलाब, PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

by Preeti Pal 24 November 2026, 8:48 AM IST
24 November 2026, 8:48 AM IST
कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर देशभर में आस्था का सैलाब, PM मोदी ने दी शुभकामनाएं; गंगा से सरयू तक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Kartik Purnima: देशभर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. सुबह से ही देश के अलग-अलग धार्मिक स्थलों, मंदिरों और पवित्र नदियों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. लोगों ने गंगा, सरयू और दूसरे पवित्र जलाशयों में स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने संदेश में कहा कि ये पवित्र पर्व निस्वार्थ सेवा का संदेश देता है. उन्होंने कामना की कि स्नान, दान-पुण्य और दीपों की परंपरा से जुड़ा ये त्योहार लोगों के जीवन में श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मकता लेकर आए.

इन जगहों पर उमड़ी भीड़

कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी. लोगों ने गंगा में पवित्र स्नान कर भगवान की पूजा की. उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित ब्रजघाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. पुजारी पंडित यश कुमार शर्मा ने बताया कि कार्तिक का महीना बहुत पवित्र माना जाता है. कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से आत्मा की शुद्धि होने की मान्यता है. ये महीना भगवान विष्णु और भगवान शिव को विशेष रूप से प्रिय माना जाता है. उन्होंने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों लोग इस दिन स्नान करने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं. अयोध्या में श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई. वहीं, हरिद्वार के हर की पौड़ी पर भी सुबह से भक्तों का जमावड़ा लगा रहा. श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

भगवान जगन्नाथ का स्वर्ण श्रृंगार

ओडिशा के पुरी में भी कार्तिक पूर्णिमा का उत्सव खास अंदाज में मनाया जा रहा है. यहां हजारों श्रद्धालु श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने भगवान जगन्नाथ के दिव्य स्वर्ण वेश यानी ‘स्वर्ण बेश’ के दर्शन के लिए पहुंचे. इस विशेष श्रृंगार में भगवान को सोने के आभूषणों से सजाया जाता है. हरियाणा के यमुनानगर स्थित कपिल मोचन सरोवर में भी पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से श्रद्धालु पहुंचे. यहां कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जयंती के मौके पर आयोजित कपिल मोचन मेले में लोगों ने पवित्र स्नान किया.

काशी विश्वनाथ मंदिर

वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी कार्तिक महीने के दौरान विशेष आयोजन किए जा रहे हैं. मंदिर प्रशासन की तरफ से बाबा विश्वनाथ का दीपमाला श्रृंगार किया जा रहा है. ये विशेष सजावट सप्तऋषि आरती के दौरान रोजाना की जा रही है. मंदिर प्रशासन के मुताबिक, 26 अक्टूबर से कार्तिक पूर्णिमा तक बाबा का दीपमाला श्रृंगार किया जा रहा है. इस दौरान दीपों से सजे बाबा विश्वनाथ के दर्शन भक्तों के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं. कार्तिक पूर्णिमा हिंदू पंचांग के कार्तिक महीने की पूर्णिमा को मनाई जाती है. इसे हिंदू धर्म के सबसे पवित्र दिनों में से एक माना जाता है. इस दिन भगवान कार्तिकेय की पूजा का भी विशेष महत्व है. देशभर में लोग दीप जलाकर, मंदिरों को सजाकर, भजन-कीर्तन और धार्मिक मेलों के जरिए पर्व मनाते हैं. कई जगहों पर पानी में दीपों से सजी छोटी नावें भी छोड़ी जाती हैं, जो इस उत्सव को और खूबसूरत बना देती हैं.

News Source: ANI

अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ी ट्रेन, भारत-नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोस का नहीं, ‘रोटी-बेटी’ का है

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?