India-Nepal Sign 8 MoUs: भारत और नेपाल के रिश्तों को और मजबूत बनाने के लिए दिल्ली में एक अहम कदम उठाया गया है. दरअसल, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों ने 8 महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं. इन समझौतों में स्पेस टेक्नोलॉजी, सुरक्षा, पुलिस ट्रेनिंग, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, खेती, पशुपालन और शहरी विकास जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं. यानी दोनों देश अब सिर्फ सांस्कृतिक रिश्तों ही नहीं, बल्कि तकनीक, प्रशासन और विकास के मोर्चे पर भी साझेदारी को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं. इन समझौतों का आदान-प्रदान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद किया गया. दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और सहयोग के नए रास्तों पर विचार किया.
स्पेस और सैटेलाइट नेटवर्क
8 समझौतों में एक अहम समझौता स्पेस और कम्युनिकेशन सेक्टर से जुड़ा है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने पर सहमति बनी है. इस पहल से नेपाल को सैटेलाइट आधारित संचार सुविधाओं का लाभ उठाने में मदद मिल सकती है. इससे तकनीकी सहयोग और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
पुलिस और फॉरेंसिक
सुरक्षा और अपराध जांच के क्षेत्र में भी दोनों देशों ने सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है. गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच अकादमिक और रिसर्च सहयोग को लेकर समझौता हुआ है. इसके अलावा भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) और नेपाल की नेशनल पुलिस अकादमी (NPA) के बीच भी समझौता किया गया. इन समझौतों से पुलिस अधिकारियों की ट्रेनिंग, रिसर्च और जांच से जुड़ी तकनीकों को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.
एशिया में निवेश का महाबूम! 2030 तक 16 ट्रिलियन डॉलर खर्च होने का अनुमान, AI से आगे बढ़ेगी रफ्तार
मिलेगी नई ट्रेनिंग
प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भारत के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (NCGG) और नेपाल के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता हुआ है. इसके तहत नेपाल के सरकारी अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को प्रशासन, कामकाज और शासन से जुड़ी बेहतर प्रक्रियाओं की जानकारी देना है.
स्वास्थ्य और आयुर्वेद
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी दोनों देशों ने दो महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं. पहला समझौता स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग से जुड़ा है. वहीं, दूसरा आयुर्वेद और बाकी पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के सहयोग को लेकर है. इससे मेडिकल सहयोग, अनुभव साझा करने और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच नए अवसर बन सकते हैं. इसके अलावा टिकाऊ शहरी विकास और पशुपालन एवं मत्स्य विकास के क्षेत्र में भी समझौते किए गए हैं. इनका उद्देश्य शहरों के विकास, बेहतर व्यवस्थाओं और कृषि से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है.
पहला भारत दौरा
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे थे. मार्च 2026 में पद संभालने के बाद ये उनका पहला भारत दौरा है. दिल्ली पहुंचने पर राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया. इसके बाद उन्होंने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में उनका स्वागत किया. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता हुई. आठ समझौतों के जरिए भारत और नेपाल ने स्पेस, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासन और विकास जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को नई दिशा देने की कोशिश की है. ये पहल दोनों देशों के पुराने रिश्तों को आधुनिक जरूरतों के साथ आगे बढ़ाने का संकेत देती है.
News Source: ANI
अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ी ट्रेन, भारत-नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोस का नहीं, ‘रोटी-बेटी’ का है
