UPSC Result: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने गुरुवार को सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं. सफल उम्मीदवार अब पर्सनैलिटी टेस्ट (व्यक्तित्व परीक्षण) के लिए योग्य हो गए हैं. आयोग ने एक बयान में बताया कि मुख्य परीक्षा 21 से 30 अगस्त के बीच आयोजित की गई थी. सिविल सेवा परीक्षा हर साल तीन चरणों (प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार) में आयोजित की जाती है. इसके जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है.
इंटरव्यू के समय देने होंगे मूल प्रमाणपत्र
UPSC द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा में सफल घोषित किए गए उम्मीदवार पर्सनैलिटी टेस्ट (साक्षात्कार) के लिए योग्य हो गए हैं. उन्हें अपनी पात्रता और आरक्षण के दावों के समर्थन में मूल प्रमाणपत्र (original certificates) पेश करने होंगे. इनमें उम्र, शैक्षणिक योग्यता, समुदाय, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और दिव्यांग व्यक्तियों (PwBD) से जुड़े प्रमाण पत्र शामिल हैं. इसके अलावा, उन्हें TA फॉर्म जैसे अन्य दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे. जो उम्मीदवार अपना ई-समन लेटर डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे तुरंत आयोग से पत्र के माध्यम से या फोन नंबर 011-40303444/24041001 पर संपर्क करें, या csm-upsc@nic.in पर ईमेल करें.
इंटरव्यू के लिए नहीं जारी होगा कागजी लेटर
आयोग ने कहा है कि पर्सनैलिटी टेस्ट (साक्षात्कार) के लिए कोई भी कागजी या फिजिकल समन लेटर जारी नहीं किया जाएगा. UPSC ने कहा कि उम्मीदवारों को बताई गई पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) की तारीख और समय में बदलाव के किसी भी अनुरोध पर आमतौर पर विचार नहीं किया जाएगा. आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आगे के अपडेट के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट चेक करते रहें. बयान में कहा गया है कि पर्सनैलिटी टेस्ट के बाद अंतिम परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के भीतर सभी उम्मीदवारों की मार्कशीट आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी, जो 30 दिनों तक उपलब्ध रहेगी.
UPSC कार्यालय में आयोजित होंगे साक्षात्कार
आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे साक्षात्कार के समय सत्यापन (verification) के लिए इन दस्तावेजों को तैयार रखें. आयोग ने कहा कि SC/ST/OBC/EWS/PwBD/पूर्व-सैनिक (Ex-servicemen) श्रेणियों के तहत आरक्षण या छूट का लाभ चाहने वाले उम्मीदवारों को ऐसे मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे, जो सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 के आवेदन की अंतिम तिथि यानी 27.02.2026 तक जारी किए गए हों. पर्सनैलिटी टेस्ट की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी. साक्षात्कार नई दिल्ली के शाहजहां रोड स्थित धौलपुर हाउस में UPSC कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे. योग्य उम्मीदवारों के लिए ई-समन पत्र (e-summon letters) समय आने पर आयोग की वेबसाइटों – upsc.gov.in और upsconline.nic.in पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे.
