Arijit Singh India Tour: अगर अरिजीत सिंह की आवाज सुनते ही आपके दिमाग में प्यार, दर्द और पुरानी यादों का पूरा एल्बम चलने लगता है, तो 2027 आपके लिए बहुत खास होने वाला है. दरअसल, बॉलीवुड के फेमस सिंगर अरिजीत सिंह ने अपने इंडिया टूर का ऐलान कर दिया है. इस टूर के जरिए अरिजीत देश के 9 बड़े शहरों में लाइव परफॉर्म करेंगे. साथ ही अपने म्यूजिक करियर के 20 साल पूरे होने का जश्न भी मनाएंगे. ‘अरिजीत सिंह इंडिया टूर 2027’ जनवरी से मई 2027 के बीच होगा.
गूजेगी अरिजीत की आवाज
अगले साल अरिजीत सिंह का इंडिया टूर 9 अलग-अलग शहरों में होगा. यानी अहमदाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, नई दिल्ली, पुणे, इंदौर और हैदराबाद में उनके कॉन्सर्ट होंगे. ऐसे में अरिजीत के चाहने वालों को उनके सुपरहिट गानों को लाइव सुनने का मौका मिलेगा. इन शहरों में रहने वालें फैंस के तो और मज़े हैं. अब इन शहरों के लोग अपने फेवरेट सिंगर को लाइव सुन पाएंगे.
अहमदाबाद से होगी शुरुआत
अरिजीत सिंह का 2027 इंडिया टूर 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद से शुरू होगा. इसके बाद 23 जनवरी को चंडीगढ़, 7 फरवरी को जयपुर और 20 फरवरी को मुंबई में उनका कॉन्सर्ट होगा. मार्च में अरिजीत बेंगलुरु और नई दिल्ली पहुंचेंगे. 13 मार्च को बेंगलुरु और 27 मार्च को नई दिल्ली में उनका लाइव शो होगा. इसके बाद 10 अप्रैल को पुणे, 1 मई को इंदौर और आखिर में 15 मई को हैदराबाद में सिंगर का टूर खत्म होगा. इस टूर का आयोजन और प्रमोशन टीम इनोवेशन कर रही है. वहीं, लाइव शो की टिकट थंपएन के जरिए मिलेंगी.
Drishyam 3 का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, पहले सोमवार भी कमाई ने पकड़ी रफ्तार
लाइव शो का एक्सपीरियंस
अरिजीत के इस टूर को सिर्फ एक नॉर्मल म्यूजिक कॉन्सर्ट की तरह नहीं तैयार किया जा रहा है. आयोजकों के मुताबिक इसे बड़े पैमाने पर इमर्सिव एक्सपीरियंस बनाने की तैयारी है. स्टेडियम में मल्टी लेवल स्टेज बनाया जाएगा, जिसमें एक लंबा रनवे भी होगा. इसके जरिए अरिजीत दर्शकों के और करीब जाकर परफॉर्म कर सकेंगे. इसके अलावा 360 डिग्री स्पेशियल ऑडियो, बड़ी पैनोरमिक स्क्रीन, एलईडी लाइटिंग, लेजर और स्टेडियम लेवल के इफेक्ट्स शो का हिस्सा होंगे. यानी दर्शकों को सिर्फ अरिजीत की आवाज ही नहीं, बल्कि लाइट, साउंड और विजुअल्स का शानदार कॉम्बिनेशन भी देखने को मिलेगा.
20 साल का सफर
2027 का ये टूर अरिजीत सिंह के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि वो म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने 20 साल पूरे करने जा रहे हैं. इन 20 सालों में उन्होंने हिंदी के अलावा कई और भाषाओं में गाने गाए और अपनी आवाज से अलग-अलग पीढ़ियों के लोगों का दिल जीता. अरिजीत ने अपने इस सफर को याद करते हुए कहा कि संगीत के 20 साल उनके लिए बहुत ही खास रहे हैं. उन्होंने अपने फैंस को इसका सबसे बड़ा हिस्सा बताया. अरिजीत ने कहा कि इन्हीं लोगों ने उनके गानों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया. सिंगर ने कहा कि वो पूरे भारत में घूमकर अपने फैंस से लाइव मिलना चाहते हैं. उनके मुताबिक इस सफर में बहुत सारे गाने, यादें और लोगों से मिलना शामिल होगा. साथ ही वो स्टेज पर फैंस के इस प्यार को महसूस करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
कब से शुरू होगी टिकट की प्री सेल?
अगर आप अरिजीत सिंह को लाइव सुनने का सपना देख रहे हैं तो टिकट की तारीख याद रखना जरूरी है. प्री सेल 10 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगी. वहीं, नॉर्मल टिकट बुकिंग 13 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगी. ऐसे में अरिजीत के फैंस के लिए ये सिर्फ एक कॉन्सर्ट टूर नहीं, बल्कि उनके 20 साल की म्यूज़िकल जर्नी को करीब से महसूस करने का मौका होगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि इन 9 शहरों में अरिजीत की आवाज कितनी यादगार शामें सजाती है.
News Source: ANI
Janhvi Kapoor के AI वीडियो पर बवाल, जूनियर NTR से विजय देवरकोंडा तक ने उठाई आवाज
