Jana Nayagan Collection: साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की आखिरी फिल्म बताई जा रही ‘जना नायकन’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार कमाई कर रही है. रिलीज के 6 दिन बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी हुई है. अब ये भारत में 150 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा छूने से बस कुछ कदम दूर है. विजय के फैंस के लिए ये फिल्म किसी सेलिब्रेशन से कम नहीं है. यही वजह है कि इसे सिनेमाघरों में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है.
विजय की फिल्म का दम
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जना नायकन’ ने रिलीज के छठे दिन भारत में 8 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 143.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 167.57 करोड़ बताया जा रहा है. फिल्म की कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि 7वें दिन ये आसानी से 150 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो सकती है.
तमिल वर्जन बना सबसे बड़ा सहारा
फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा योगदान तमिल वर्जन का रहा. छठे दिन तमिल भाषा में फिल्म ने 6.15 करोड़ रुपये कमाए. वहीं, हिंदी वर्जन ने 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इससे साफ है कि अपने घरेलू बाजार में विजय की लोकप्रियता आज भी बरकरार है. हालांकि, हिंदी बेल्ट में भी फिल्म को ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिल रहा है.
विदेश में अच्छी कमाई
भारत ही नहीं, विदेशों में भी ‘जना नायकन’ शानदार कमाई कर रही है. छठे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 3 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. इसके साथ ही विदेशी बाजार में फिल्म की कुल कमाई 78.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. अगर भारत और विदेशों की कमाई को जोड़ दिया जाए तो, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 246.07 करोड़ रुपये हो चुका है. यानी 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी अब ज्यादा दूर नहीं है.
विजय की आखिरी फिल्म
‘जना नायकन’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता की सबसे बड़ी वजह ये भी है कि इसे थलापति विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है. दरअसल, विजय एक्टिंग से दूरी बनाकर पूरी तरह राजनीति पर ध्यान देने की तैयारी में हैं. ऐसे में फैंस इस फिल्म को उनके फिल्मी सफर की यादगार विदाई की तरह देख रहे हैं. एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस ने किया है. करीब 500 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस मेगा फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. वहीं, फिल्म का म्यूज़िक अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं.
Salman Khan को मिली बड़ी राहत, दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘काला हिरण’ फिल्म का टीजर हटाने का दिया आदेश
